रुड़की में परीक्षा लीक मामले और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद कांग्रेस ने इसे छात्रों के संघर्ष की जीत बताते हुए विजय मार्च निकाला। जिला कांग्रेस कमेटी रुड़की महानगर और ग्रामीण के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा से गांधी वाटिका स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा तक कैंडल मार्च निकालकर छात्रों के समर्थन में आवाज बुलंद की।
कार्यक्रम की शुरुआत नगर निगम पुल के पास स्थित बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण और सत्याग्रह के साथ हुई। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ता हाथों में मोमबत्तियां लेकर कैंडल मार्च के रूप में गांधी वाटिका पहुंचे। यहां महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का समापन किया गया।
इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने परीक्षा लीक प्रकरण को लेकर केंद्र और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। कांग्रेस नेताओं का कहना था कि छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
जिला कांग्रेस महानगर अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी ने कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री का इस्तीफा छात्रों के संघर्ष और लोकतांत्रिक आंदोलन की जीत है। उन्होंने सरकार के सामने तीन प्रमुख मांगें रखीं। पहली, परीक्षा लीक प्रकरण से प्रभावित होकर जान गंवाने वाले छात्रों के परिजनों को उचित मुआवजा दिया जाए। दूसरी, प्रदर्शनकारी छात्रों पर लाठीचार्ज करने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। तीसरी, उत्तराखंड के शिक्षा मंत्री को तत्काल पद से हटाया जाए।
वहीं, पूर्व मेयर गौरव गोयल ने कहा कि कांग्रेस शुरुआत से ही छात्रों के आंदोलन के साथ खड़ी रही है और आगे भी उनका समर्थन जारी रहेगा। उन्होंने परीक्षा लीक प्रकरण में जान गंवाने वाले छात्रों के परिजनों को ₹1 करोड़ का मुआवजा देने की मांग दोहराई।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि छात्रों के हितों की अनदेखी जारी रही तो आंदोलन को और व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा।
















Leave a Reply