देहरादून: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को राष्ट्र और छात्र हित में लिया गया एक महत्वपूर्ण नैतिक निर्णय बताया है। उन्होंने कहा कि इस कदम से परीक्षा प्रक्रिया को लेकर फैलाई जा रही भ्रांतियों, अफवाहों और नकारात्मक माहौल पर विराम लगेगा तथा छात्रों के बीच विश्वास बहाल होगा।
पार्टी मुख्यालय में मीडिया से बातचीत करते हुए महेंद्र भट्ट ने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान का सार्वजनिक जीवन हमेशा निष्पक्ष, पारदर्शी और कर्मठ रहा है। उनके अनुसार, नीट परीक्षा को लेकर कुछ संगठनों और विपक्षी दलों द्वारा भ्रम फैलाने तथा छात्रों को गुमराह करने की कोशिश की जा रही थी। ऐसे माहौल को समाप्त करने और “राष्ट्र प्रथम” की भावना को सर्वोपरि रखते हुए धर्मेंद्र प्रधान ने नैतिक आधार पर इस्तीफा देने का फैसला लिया।
भट्ट ने कहा कि यह निर्णय छात्रों के हितों की रक्षा और परीक्षा प्रणाली पर भरोसा कायम रखने की दिशा में एक सकारात्मक संदेश है। उन्होंने आरोप लगाया कि आंदोलन के पीछे राष्ट्रविरोधी और विपक्षी राजनीतिक ताकतों की भूमिका हो सकती है, जो छात्रों को भटकाने का प्रयास कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि जिस नीट परीक्षा को लेकर आंदोलन किया जा रहा था, उसकी पुनः परीक्षा के परिणाम भी घोषित हो चुके हैं। इसके बावजूद केंद्र सरकार परीक्षा प्रणाली में सुधार और नकल व पेपर लीक जैसी समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा सरकार की जवाबदेही और नैतिक प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
महेंद्र भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी युवाओं के उज्ज्वल भविष्य को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं और उनकी सरकार जनभावनाओं के अनुरूप निर्णय लेने में कभी पीछे नहीं हटती। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने हाल ही में नकल और पेपर लीक के खिलाफ कानून को और अधिक सख्त बनाया है, मामलों की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने का निर्णय लिया है तथा राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) में व्यापक सुधार की प्रक्रिया भी शुरू की गई है। इसके साथ ही छात्र आत्महत्या से प्रभावित परिवारों को सहायता और छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में भी कदम उठाए गए हैं।
अंत में उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक जानकारी से प्रभावित न हों और निष्पक्ष एवं पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था पर विश्वास रखते हुए अपनी पढ़ाई और परीक्षा की तैयारी पर ध्यान केंद्रित करें।
















Leave a Reply