ऑपरेशन प्रहार के तहत पिथौरागढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ढाबे की आड़ में शराब परोसने वाला गिरफ्तार

पिथौरागढ़ पुलिस द्वारा जनपद में शांति व्यवस्था और सुरक्षित यातायात बनाए रखने के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के अंतर्गत थाना जाजरदेवल और कोतवाली अस्कोट पुलिस ने अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।

ढाबे की आड़ में शराब परोसने वाला दबोचा

थाना जाजरदेवल के थानाध्यक्ष मनोज पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने क्षेत्र में चेकिंग और छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान खांकर तिराहा स्थित एक दुकान में अवैध रूप से शराब बेचने और परोसने की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए दुकान संचालक दिनेश सिंह को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

शराब पीकर वाहन चलाने पर वाहन सीज

इसी अभियान के दौरान पुलिस ने वाहन चालक सौरभ बहादुर को शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पकड़ा। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर वाहन सीज कर दिया।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण लगाया जा सके।

शांति व्यवस्था भंग करने पर युवक हिरासत में

अस्कोट पुलिस ने भी क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए कमल पाल नामक व्यक्ति को शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में हिरासत में लिया। यह कार्रवाई थानाध्यक्ष सुरेश कम्बोज के नेतृत्व में धारा 170 बीएनएसएस के तहत की गई।

79 लोगों के खिलाफ चालानी कार्रवाई

जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में चलाए गए विशेष चेकिंग अभियान के दौरान यातायात नियमों और मिशन मर्यादा का उल्लंघन करने वाले कुल 79 लोगों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई।

पिथौरागढ़ पुलिस ने आमजन से कानून व्यवस्था बनाए रखने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *