ऑपरेशन “प्रहार” के तहत पिथौरागढ़ पुलिस का एक्शन जारी, अवैध शराब तस्कर गिरफ्तार, ड्रिंक एंड ड्राइव में वाहन सीज

पिथौरागढ़: जनपद में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने और अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन “प्रहार” के तहत पिथौरागढ़ पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। अभियान के अंतर्गत अवैध शराब तस्करी, ड्रिंक एंड ड्राइव और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ व्यापक चेकिंग अभियान चलाया गया।

कनालीछीना पुलिस ने अवैध शराब के साथ आरोपी को दबोचा

थाना कनालीछीना पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान पीपली तिराहा क्षेत्र से एक व्यक्ति को अवैध अंग्रेजी शराब और बीयर के साथ गिरफ्तार किया।

थानाध्यक्ष श्री प्रवीण सिंह अपनी टीम के साथ क्षेत्र में चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान पुलिस टीम में कांस्टेबल पंकज पंगरिया और कांस्टेबल रविंद्र खोलिया भी शामिल रहे। पुलिस ने आरोपी सूरज कुमार निवासी महतगांव, कनालीछीना को अवैध शराब के साथ पकड़ा। आरोपी के खिलाफ धारा 60 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

ड्रिंक एंड ड्राइव में चालक गिरफ्तार, वाहन सीज

वहीं कोतवाली पिथौरागढ़ पुलिस द्वारा भी वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। उपनिरीक्षक कमलेश जोशी अपनी टीम के साथ चेकिंग कर रहे थे, तभी शराब पीकर वाहन चला रहे चालक विरेन्द्र प्रसाद को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपी का वाहन भी सीज कर दिया।

82 लोगों पर चालानी कार्रवाई

इसके अलावा जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में चलाए गए विशेष चेकिंग अभियान के दौरान यातायात नियमों और मिशन मर्यादा का उल्लंघन करने वाले कुल 82 लोगों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई। पुलिस ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *