ऑपरेशन “प्रहार” के तहत पुलिस की सख्त कार्रवाई जारी, कई लोगों पर गिरी गाज

जनपद पिथौरागढ़ में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन “प्रहार” के तहत पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। अभियान के तहत विभिन्न थाना क्षेत्रों में चेकिंग अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है।

थाना थल के थानाध्यक्ष प्रकाश पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने वाहन चेकिंग के दौरान शराब पीकर वाहन चला रहे दो चालकों—गंगा सिंह सामन्त और लोकेश प्रसाद—को गिरफ्तार किया। साथ ही दोनों के वाहन सीज कर दिए गए।

वहीं, कोतवाली मुनस्यारी पुलिस ने किरायेदार सत्यापन अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की। थानाध्यक्ष अनिल आर्या के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच के दौरान पाया कि प्रतिमन सिंह के मकान में बिना पुलिस सत्यापन के किरायेदार रह रहे थे। इस पर मकान मालिक के खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत 10 हजार रुपये का चालान किया गया और रिपोर्ट न्यायालय को भेजी गई।

इसके अलावा, जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने और “मिशन मर्यादा” के तहत सार्वजनिक स्थानों पर अव्यवस्था फैलाने वाले कुल 111 लोगों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की गई।

पिथौरागढ़ पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, किरायेदारों का अनिवार्य सत्यापन कराएं और कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *