पिथौरागढ़ पुलिस ने बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर संवेदनशीलता दिखाते हुए “ऑपरेशन प्रहार” के तहत त्वरित कार्रवाई की है। थाना बलुवाकोट पुलिस ने बुजुर्ग दंपत्ति के साथ मारपीट, अभद्रता और गाली-गलौच करने वाले वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, 30 अप्रैल 2026 को थाना बलुवाकोट में मामला दर्ज किया गया था। आरोपी की पहचान रोहित जोशी (35 वर्ष), निवासी लेख, थाना बलुवाकोट, जनपद पिथौरागढ़ के रूप में हुई। उस पर बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस अधीक्षक पिथौरागढ़ के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत 2 मई 2026 को थानाध्यक्ष बलुवाकोट श्रीमती नीमा बोहरा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी को बलुवाकोट कस्बा क्षेत्र से गिरफ्तार किया। इस टीम में अपर उपनिरीक्षक नरेन्द्र पाल सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
जांच में सामने आया कि आरोपी ने बुजुर्ग दंपत्ति के घर में घुसकर उनके साथ मारपीट की और अभद्र व्यवहार करते हुए मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। इस घटना से दंपत्ति काफी भयभीत हो गए थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पिथौरागढ़ पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि बुजुर्गों के सम्मान और सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।













Leave a Reply