जसपुर में बिजली कटौती पर बवाल: जिला पंचायत सदस्य नईम प्रधान ने किया विद्युत कार्यालय का घेराव

उधम सिंह नगर के जसपुर क्षेत्र में अघोषित बिजली कटौती को लेकर लोगों का गुस्सा अब खुलकर सामने आने लगा है। बढ़ती गर्मी के बीच लगातार हो रही बिजली कटौती से परेशान क्षेत्रवासियों की समस्या को उठाते हुए जिला पंचायत सदस्य नईम प्रधान ने अपने समर्थकों के साथ जसपुर-भगवन्तपुर रोड स्थित विद्युत वितरण खंड कार्यालय का घेराव किया।

जानकारी के अनुसार, शाम 6 बजे से रात 12 बजे तक हो रही अघोषित बिजली कटौती से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। इसी को लेकर नईम प्रधान ने विभाग के खिलाफ विरोध दर्ज कराते हुए अधिशासी अभियंता गोविंद सिंह कार्की की अनुपस्थिति में उनके प्रतिनिधि को ज्ञापन सौंपा और तत्काल बिजली कटौती बंद करने की मांग की।

नईम प्रधान ने मीडिया से बातचीत में सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि यदि दो से चार दिनों के भीतर स्थिति में सुधार नहीं हुआ, तो वे दोबारा कार्यालय पहुंचकर तालाबंदी करेंगे। उन्होंने कहा कि जनता की परेशानी को किसी भी कीमत पर नजरअंदाज नहीं किया जाएगा।

वहीं, स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से जल्द समाधान की मांग की है, ताकि गर्मी के इस मौसम में राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *