काशीपुर: उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने की कवायद तेज कर दी है। पार्टी ने विभिन्न संगठनात्मक प्रकोष्ठों के माध्यम से 10 हजार से अधिक कार्यकर्ताओं को चुनावी तैयारियों में सक्रिय रूप से उतारने की योजना बनाई है। इस संबंध में काशीपुर में आयोजित प्रदेश एवं जिला प्रकोष्ठ पदाधिकारियों की बैठक में प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कार्यकर्ताओं को संगठन विस्तार और चुनावी तैयारियों को लेकर महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए।
बैठक को संबोधित करते हुए महेंद्र भट्ट ने कहा कि भाजपा के प्रकोष्ठ संगठन की महत्वपूर्ण ताकत हैं। इनमें विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ, पेशेवर और समाज के प्रबुद्ध लोग शामिल हैं, जो सरकार की विकास योजनाओं और संगठन की विचारधारा को आम जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने का काम करेंगे। उन्होंने सभी प्रकोष्ठों को बूथ स्तर तक मजबूत टीम गठित करने और अभी से पूरी ऊर्जा एवं समर्पण के साथ चुनावी तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए प्रत्येक प्रकोष्ठ की जिम्मेदारी बढ़ गई है। उन्होंने नए लोगों को पार्टी से जोड़ने, केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने पर विशेष जोर दिया। उनका कहना था कि मजबूत बूथ संगठन ही चुनावी सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है।
बैठक में प्रदेश प्रकोष्ठ प्रभारी कौस्तुभानंद जोशी ने बताया कि प्रदेशभर में विभिन्न प्रकोष्ठों के माध्यम से 10 हजार से अधिक कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी जा रही हैं। इसके लिए चार चरणों में कार्यशालाओं और प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिससे प्रत्येक कार्यकर्ता को संगठनात्मक और चुनावी दृष्टि से पूरी तरह तैयार किया जा सके।
उन्होंने बताया कि काशीपुर के बाद जल्द ही रुद्रपुर, देहरादून और हरिद्वार में भी प्रकोष्ठ कार्यशालाएं आयोजित होंगी। इन कार्यक्रमों के माध्यम से कार्यकर्ताओं को चुनाव प्रबंधन, संगठन विस्तार और जनसंपर्क अभियान से जुड़ा प्रशिक्षण दिया जाएगा। पार्टी का लक्ष्य बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाकर वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित करना है।
बैठक में प्रदेश प्रकोष्ठ प्रभारी कौस्तुभानंद जोशी, जिला अध्यक्ष मनोज पाल, जिला प्रभारी पुष्कर काला, सह प्रभारी भारत भूषण चुग, विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, मेयर दीपक बाली सहित प्रदेश और जिला स्तर के अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यशाला का समापन संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत सुनिश्चित करने के संकल्प के साथ हुआ।
















Leave a Reply