खटीमा में शहीद स्मारक के पास कूड़ा डंपिंग पर कांग्रेस का हमला, नगर पालिका की कार्यशैली पर उठाए सवाल…

ऊधम सिंह नगर के खटीमा में कांग्रेस ने नगर पालिका की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए शहीद स्मारक के पास कूड़ा डंपिंग का विरोध किया है। कांग्रेस प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य उमेश राठौर (बॉबी) ने प्रेस वार्ता कर आरोप लगाया कि शहर का कूड़ा शनि मंदिर, शहीद स्मारक, पुलिस चौकी, पटवारी कार्यालय और वन रेंजर कार्यालय के बीच डाला जा रहा है।

उन्होंने कहा कि जिस स्थान पर शहीद स्मारक, धार्मिक स्थल और कई महत्वपूर्ण सरकारी कार्यालय मौजूद हैं, उसी क्षेत्र को नगर पालिका ने कूड़ा डालने का स्थान बना दिया है। इससे क्षेत्र में गंदगी, दुर्गंध और संक्रमण का खतरा बढ़ रहा है, साथ ही शहर की छवि भी प्रभावित हो रही है।

कांग्रेस ने नगर पालिका प्रशासन से तत्काल इस स्थान पर कूड़ा डंपिंग बंद करने और शहर के लिए वैज्ञानिक एवं स्थायी कूड़ा निस्तारण व्यवस्था लागू करने की मांग की है।

उमेश राठौर ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं किया गया तो कांग्रेस जनता के साथ मिलकर आंदोलन करेगी। फिलहाल नगर पालिका की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!