ऊधम सिंह नगर के खटीमा रेंज में अवैध पेड़ कटान का मामला लगातार गहराता जा रहा है। 16 पेड़ों के कटान का मामला अभी ठंडा भी नहीं पड़ा था कि अब चकरपुर वन चौकी क्षेत्र में चार और पेड़ों के कटान का दावा सामने आया है। इस घटना ने वन विभाग की कार्यप्रणाली और निगरानी व्यवस्था पर नए सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार घटनास्थल से सामने आए वीडियो और लोकेशन फोटो में चार कटे हुए पेड़ों के ठूंठ स्पष्ट दिखाई दे रहे हैं। आरोप है कि विभागीय कर्मचारियों ने वरिष्ठ अधिकारियों को केवल दो पेड़ों के कटान की जानकारी देकर वास्तविक स्थिति को छिपाने की कोशिश की।
ग्रामीणों का यह भी कहना है कि कटे हुए पेड़ों की लकड़ी पहले ही मौके से हटाई जा चुकी थी। इसके अलावा ठूंठों को जलाकर सबूत मिटाने का भी आरोप लगाया गया है। सामने आई लोकेशन फोटो पर 6 जुलाई की तारीख दर्ज होने से मामले ने और तूल पकड़ लिया है।
एसडीओ संचिता वर्मा ने बताया कि मौके पर केवल दो सूखे और पहले से गिरे हुए पेड़ों का कटान हुआ है। उन्होंने कहा कि लकड़ी बरामद कर सुरक्षित स्थान पर रख दी गई है और मामले की नियमानुसार जांच की जा रही है।
अब सभी की नजर इस बात पर है कि वन विभाग पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाता है या यह मामला भी केवल विभागीय कार्रवाई तक सीमित रह जाता है।
















Leave a Reply