जनपद रुद्रप्रयाग के Kedarnath Temple में आगामी 11 जून को आयोजित होने वाले “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व” की तैयारियों को लेकर शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता धर्मस्व एवं संस्कृति सचिव युगल किशोर पंत ने की।
बैठक में जिलाधिकारी विशाल मिश्रा, पुलिस अधीक्षक निहारिका तोमर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।
सचिव युगल किशोर पंत ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व” के आयोजन की सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएं और कार्यक्रम को पूरी भव्यता एवं गरिमा के साथ संपन्न कराया जाए।
बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा, विभागवार जिम्मेदारियों और व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। सचिव ने कहा कि यह आयोजन धार्मिक, सांस्कृतिक और जनभागीदारी से जुड़ा अत्यंत महत्वपूर्ण कार्यक्रम है, इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर बैठने की व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और लाइव प्रसारण जैसी व्यवस्थाओं को सुचारु रखने के निर्देश भी दिए।
गौरतलब है कि संस्कृति मंत्रालय के निर्देशानुसार सोमनाथ मंदिर पर प्रथम आक्रमण के 1000 वर्ष और मंदिर पुनर्निर्माण के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में देशभर में “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व” आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में इस वर्ष पहली बार श्री केदारनाथ धाम में भी यह पर्व भव्य रूप से मनाया जाएगा।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, जिला कार्यक्रम अधिकारी अखिलेश मिश्रा, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार, अधिशासी अभियंता राजविंद सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।














Leave a Reply