रुद्रप्रयाग में 16 जुलाई को धूमधाम से मनाया जाएगा हरेला पर्व, सभी ब्लॉकों और तहसीलों में होंगे व्यापक वृक्षारोपण कार्यक्रम

रुद्रप्रयाग: उत्तराखंड के लोकपर्व हरेला को इस वर्ष रुद्रप्रयाग जनपद में भव्य और जनभागीदारी के साथ मनाने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। आगामी 16 जुलाई को आयोजित होने वाले हरेला महोत्सव को लेकर जिलाधिकारी विशाल मिश्रा की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पर्व को सफल और प्रभावी बनाने के लिए विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियों और कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने कहा कि हरेला केवल एक पारंपरिक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन और जनजागरूकता का महत्वपूर्ण अभियान है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष भी पूरे जनपद में उत्साह और व्यापक जनसहभागिता के साथ हरेला पर्व मनाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान से जुड़ सकें।

जिलाधिकारी ने वन विभाग सहित सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि जनपद के सभी विकासखंडों, तहसीलों, सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों और सार्वजनिक स्थलों पर बड़े स्तर पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विभाग यह सुनिश्चित करे कि अधिक से अधिक नागरिक इस अभियान में भाग लें और हरियाली बढ़ाने का संदेश समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचे।

उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पौधरोपण केवल औपचारिकता बनकर न रह जाए, बल्कि लगाए गए पौधों के संरक्षण और नियमित देखरेख की भी प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी ने स्थानीय जलवायु के अनुरूप फलदार, छायादार और औषधीय पौधों के रोपण को प्राथमिकता देने पर विशेष जोर दिया, ताकि पर्यावरण संरक्षण के साथ स्थानीय जैव विविधता को भी बढ़ावा मिल सके।

जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने कहा कि हरेला पर्व उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और प्रकृति के प्रति आस्था का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी और संवेदनशीलता विकसित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसी उद्देश्य से सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और कार्यक्रम को जनआंदोलन का स्वरूप देने के निर्देश दिए गए हैं।

बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी डॉ. दिवाकर पंत ने सभी विभागों से अपनी-अपनी कार्ययोजना तत्काल प्रस्तुत करने को कहा। साथ ही सभी अधिकारियों ने इस वर्ष हरेला पर्व को जनभागीदारी के साथ सफल बनाने और अधिकाधिक वृक्षारोपण कर हरित उत्तराखंड के लक्ष्य को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!