रुद्रप्रयाग: उत्तराखंड के उच्च हिमालयी और आपदा की दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील तुंगनाथ धाम में स्थानीय लोगों को आपदा के दौरान बेहतर ढंग से तैयार करने के उद्देश्य से एक दिवसीय आउटरीच प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ, डॉ. रघुनन्दन सिंह टोलिया उत्तराखण्ड प्रशासन अकादमी, नैनीताल द्वारा किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लेकर आपदा प्रबंधन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।
तुंगनाथ धाम जैसे क्षेत्र अतिवृष्टि, वज्रपात, भूस्खलन और शैलपात जैसी प्राकृतिक आपदाओं के लिहाज से बेहद संवेदनशील माने जाते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रशिक्षण कार्यक्रम के माध्यम से स्थानीय समुदाय की आपदा से निपटने की क्षमता बढ़ाने और उन्हें आपातकालीन परिस्थितियों के लिए तैयार करने पर विशेष जोर दिया गया।
महानिदेशक बी.पी. पाण्डेय के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम का संचालन डॉ. मंजू पाण्डेय और उनकी टीम ने किया। प्रशिक्षण में जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार, डॉ. विवेक राजपूत तथा एनटीएमसी, नैनीताल के विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को खोज एवं बचाव अभियान, सुरक्षित निकासी, प्राथमिक उपचार, आपदा जोखिम न्यूनीकरण और आपदा प्रबंधन की संस्थागत व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी दी।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में लगभग 70 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इनमें ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य, युवक एवं युवती मंगल दल के सदस्य, व्यापारी, स्थानीय पुरोहित और क्षेत्र के अन्य नागरिक शामिल रहे। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को आपदा के समय अपनाई जाने वाली सावधानियां, सामुदायिक सहभागिता, आपातकालीन सूचना तंत्र और स्थानीय स्तर पर त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली की भी जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने कहा कि किसी भी आपदा की स्थिति में स्थानीय समुदाय की जागरूकता और समय पर प्रतिक्रिया जनहानि एवं संपत्ति के नुकसान को काफी हद तक कम कर सकती है। साथ ही प्रतिभागियों को विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियों और आपसी समन्वय की भूमिका से भी अवगत कराया गया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में पंडित अभिषेक मैठाणी और बाबा काली कमली के प्रबंधन का विशेष सहयोग रहा। जिला प्रशासन का मानना है कि यह प्रशिक्षण तुंगनाथ धाम और आसपास के क्षेत्रों में आपदा जोखिम न्यूनीकरण के साथ-साथ सामुदायिक क्षमता सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
















Leave a Reply