रुद्रपुर में बोले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, ‘विकसित भारत के लिए विकसित उत्तराखंड जरूरी’

रुद्रपुर: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को रुद्रपुर में न्यूज18 समूह के ‘राइजिंग सिटी’ कार्यक्रम में हिस्सा लेते हुए उत्तराखंड के विकास विजन को विस्तार से साझा किया। उन्होंने राज्य में औद्योगिक विकास, आधारभूत ढांचे, स्वास्थ्य सेवाओं, रोजगार, कानून व्यवस्था और सुशासन से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर सरकार की प्राथमिकताओं को सामने रखा।

ऊधम सिंह नगर को बताया प्रदेश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन

मुख्यमंत्री ने कहा कि ऊधम सिंह नगर उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था का सबसे महत्वपूर्ण ग्रोथ इंजन है। उन्होंने कहा कि जनपद से उनका विशेष आत्मीय जुड़ाव रहा है और यहां की जरूरतों व संभावनाओं से वे भली-भांति परिचित हैं।

उन्होंने कहा कि रुद्रपुर आज प्रदेश की औद्योगिक राजधानी के रूप में स्थापित हो चुका है और राज्य की आर्थिक प्रगति में इसकी अहम भूमिका है।

सड़क और कनेक्टिविटी में हुआ अभूतपूर्व विकास

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड में सड़क संपर्क व्यवस्था में ऐतिहासिक सुधार हुआ है। ऑल वेदर रोड, एक्सप्रेस-वे और अन्य सड़क परियोजनाओं के कारण प्रदेश में यातायात पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित, तेज और सुगम हुआ है, जिससे उद्योग, पर्यटन और व्यापार को भी नई गति मिली है।

किच्छा एम्स और रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज पर दिया अपडेट

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री की पहल पर किच्छा में दूसरे एम्स का निर्माण तेजी से जारी है। इसके पूरा होने के बाद ऊधम सिंह नगर, पूरे कुमाऊं मंडल और उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्रों के लोगों को आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलेगा।

उन्होंने कहा कि रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज का निर्माण भी तेजी से आगे बढ़ रहा है और इसे जल्द ही जनता को समर्पित किया जाएगा।

पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तार से बढ़ेंगे निवेश और रोजगार

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तार का कार्य भी तेजी से चल रहा है। एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं से विकसित किए जाने के बाद यहां से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का संचालन संभव होगा।

उन्होंने कहा कि इससे पर्यटन, उद्योग, व्यापार और निवेश को नई गति मिलेगी, वहीं स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

सीमांत गांवों के विकास पर सरकार का विशेष फोकस

मुख्यमंत्री ने कहा कि ऊधम सिंह नगर के मेलाघाट, सिसैया और नारायण नगर जैसे सीमांत गांवों के विकास के लिए सरकार विशेष योजनाओं पर काम कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की “प्रथम गांव” की अवधारणा के अनुरूप इन क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का तेजी से विकास किया जा रहा है।

उन्होंने ऊधम सिंह नगर को “मिनी इंडिया” बताते हुए कहा कि यहां देश के विभिन्न राज्यों से आए लोग वर्षों से भाईचारे और सौहार्द के साथ रह रहे हैं, जो इस जनपद की सबसे बड़ी ताकत है।

भ्रष्टाचार, भू-माफिया और नकल माफियाओं पर सख्त कार्रवाई

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने भ्रष्टाचार और भू-माफियाओं के खिलाफ सख्त अभियान चलाते हुए अब तक 12 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को अवैध कब्जों से मुक्त कराया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी जमीन पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि युवाओं के भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए उत्तराखंड में देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। इस कानून के तहत अब तक 100 से अधिक नकल माफियाओं को जेल भेजा जा चुका है, जिससे भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता बढ़ी है।

दंगा विरोधी कानून से कानून व्यवस्था हुई मजबूत

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में दंगा विरोधी कानून लागू होने के बाद यदि कोई व्यक्ति सरकारी या निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाता है तो उससे ही नुकसान की भरपाई कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि इससे कानून व्यवस्था और मजबूत हुई है तथा अराजक तत्वों में कानून का भय पैदा हुआ है।

विकसित उत्तराखंड, विकसित भारत की मजबूत नींव

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा जब देश का प्रत्येक राज्य और प्रत्येक जनपद समान रूप से विकसित होगा। उत्तराखंड सरकार इसी लक्ष्य के साथ कार्य कर रही है।

उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और राज्य सरकार के लगातार प्रयासों से ऊधम सिंह नगर सहित पूरा उत्तराखंड विकास के नए आयाम स्थापित करेगा और विकसित भारत के निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाएगा।

कार्यक्रम में परिवहन एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री प्रदीप बत्रा, सांसद अजय भट्ट, विधायक शिव अरोरा, त्रिलोक सिंह चीमा, जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, मेयर विकास शर्मा, दीपक बाली, दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू, हुकम सिंह कुंवर, उत्तम दत्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, मनोज पाल, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्रा, पंकज उपाध्याय सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!