प्रशासन की सुदृढ़ व्यवस्थाओं से श्री केदारनाथ धाम यात्रा ने बनाए नए कीर्तिमान, स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिली नई गति

रुद्रप्रयाग: राज्य सरकार और जिला प्रशासन की सुनियोजित एवं प्रभावी व्यवस्थाओं के चलते इस वर्ष श्री केदारनाथ धाम यात्रा ने सफलता के नए आयाम स्थापित किए हैं। यात्रा का संचालन इस बार पहले से अधिक सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुगम रहा, जिससे श्रद्धालुओं का विश्वास लगातार बढ़ा है।

आंकड़ों के अनुसार, 08 जून 2026 तक कुल 11,58,395 श्रद्धालु बाबा केदारनाथ के दर्शन कर चुके हैं। यह संख्या न केवल श्रद्धालुओं की आस्था को दर्शाती है, बल्कि प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर उनके भरोसे को भी मजबूत करती है।

यात्रा के सफल संचालन का सीधा लाभ स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिला है। व्यापारियों, होटल संचालकों, परिवहन सेवाओं और स्वरोजगार से जुड़े हजारों लोगों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है।

व्यापारियों ने जताया संतोष
अगस्त्यमुनि व्यापार मंडल के अध्यक्ष त्रिभुवन सिंह नेगी ने बताया कि यात्रा सीजन से पहले अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों को लेकर व्यापारियों में चिंता थी, लेकिन सरकार और प्रशासन की बेहतर व्यवस्थाओं ने सभी आशंकाओं को दूर कर दिया। उन्होंने कहा कि रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन से व्यापार को बड़ा लाभ हुआ है।

होटल व्यवसाय को मिला बढ़ावा
होटल संचालक ऋषभ नौटियाल के अनुसार, इस वर्ष केदारनाथ यात्रा का सकारात्मक प्रभाव होटल उद्योग पर स्पष्ट रूप से देखने को मिला। बड़ी संख्या में यात्रियों के आने से होटल व्यवसाय को मजबूती मिली और स्थानीय अर्थव्यवस्था को सहारा मिला।

यातायात और सुरक्षा व्यवस्थाएं बनीं सफलता की कुंजी
गुप्तकाशी व्यापार सभा के महासचिव आशीष बिष्ट ने कहा कि बेहतर यातायात प्रबंधन, सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था और स्वच्छता ने यात्रा को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई। इन व्यवस्थाओं के कारण श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार वृद्धि हुई है।

स्थानीय रोजगार के अवसर बढ़े
गौरीकुंड व्यापार सभा के अध्यक्ष राम चन्द्र गोस्वामी ने बताया कि यात्रा के दौरान स्थानीय युवाओं को बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर मिले। होटल, परिवहन, घोड़ा-खच्चर सेवाएं और अन्य व्यापारिक गतिविधियों में तेजी आई है, जिससे क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को नई ऊर्जा मिली है।

स्थानीय व्यापारिक संगठनों ने एक स्वर में कहा कि प्रशासन द्वारा स्वास्थ्य सेवाएं, सुरक्षा, स्वच्छता और यातायात प्रबंधन में किए गए सुधारों ने केदारनाथ यात्रा को अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित बनाया है।

समन्वित प्रयासों का परिणाम
श्री केदारनाथ धाम यात्रा की यह सफलता प्रशासन, विभिन्न विभागों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों के संयुक्त प्रयासों का परिणाम है। इसने न केवल धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा दिया है, बल्कि क्षेत्रीय आर्थिक विकास को भी नई दिशा दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *