रुद्रप्रयाग: जनपद रुद्रप्रयाग में आयोजित पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान के तहत पहले दिन शून्य से पांच वर्ष आयु वर्ग के 19,102 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई। यह निर्धारित लक्ष्य 23,014 बच्चों का लगभग 83 प्रतिशत है। स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि जो बच्चे किसी कारणवश पहले दिन टीकाकरण से वंचित रह गए हैं, उन्हें 29 और 30 जून को घर-घर जाकर पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी।
जिला चिकित्सालय में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम प्रकाश ने एक बच्चे को पोलियो की खुराक पिलाकर किया। इस अवसर पर उन्होंने पोलियो उन्मूलन के लिए स्वास्थ्य कर्मियों से पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया। साथ ही अभिभावकों से भी अपने बच्चों को समय पर पोलियो की खुराक दिलाने की अपील की।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि जिले में अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए अगस्त्यमुनि, रुद्रप्रयाग, जखोली और ऊखीमठ को चार सेक्टरों में विभाजित किया गया है। इन क्षेत्रों में 298 स्थायी बूथ और 3 ट्रांजिट बूथ, यानी कुल 301 बूथों के माध्यम से अभियान संचालित किया गया।
उन्होंने बताया कि अभियान के पहले दिन निर्धारित लक्ष्य के मुकाबले 83 प्रतिशत बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जा चुकी है। शेष बच्चों तक पहुंचने के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमें 29 और 30 जून को घर-घर जाकर टीकाकरण करेंगी, ताकि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एस.के. द्विवेदी, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सीमा टेकचंदानी, वैक्सीनेटर सुमन जुगराण, सिमरन, डीसी आईईसी हरेंद्र सिंह नेगी, डीईओ यशवंत सिंह, कोल्ड चेन टेक्नीशियन जयवीर सिंह, राजेश कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
















Leave a Reply