काशीपुर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शासन के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर देशभर में आयोजित किए जा रहे “लोक कल्याण मेला” अभियान के तहत बुधवार को नगर निगम काशीपुर के सभागार में विशेष मेले का आयोजन किया गया। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य रेहड़ी, पटरी, ठेला एवं फेरी व्यवसाय से जुड़े लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना रहा।
कार्यक्रम का आयोजन महापौर दीपक बाली के नेतृत्व में किया गया। सभागार पहुंचने पर स्ट्रीट वेंडर्स कल्याण फाउंडेशन के अध्यक्ष भारत परासर और उपाध्यक्ष मनोज शर्मा के नेतृत्व में महापौर का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया।
इस अवसर पर महापौर दीपक बाली ने कहा कि उनका लक्ष्य रेहड़ी-पटरी और फेरी व्यवसायियों का जीवन स्तर बेहतर बनाना है। उन्होंने घोषणा की कि वर्ष के अंत तक शहर में छह आधुनिक वेंडिंग जोन विकसित कर व्यवसायियों को उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक वेंडर्स के लिए उचित स्थान निर्धारित नहीं हो जाता, तब तक किसी भी व्यवसायी को हटाया नहीं जाएगा और न ही उन्हें किसी प्रकार से परेशान किया जाएगा।
महापौर ने कहा कि नगर निगम का प्रयास है कि वेंडर्स को ऐसे स्थान उपलब्ध कराए जाएं जहां उनका व्यापार पहले से अधिक बढ़ सके। उन्होंने स्वच्छता अभियान में स्ट्रीट वेंडर्स के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें धन्यवाद भी दिया।
दीपक बाली ने प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि कोविड काल में शुरू की गई यह योजना आज भी लाखों छोटे व्यवसायियों को आर्थिक रूप से सशक्त बना रही है। उन्होंने बताया कि समय पर ऋण चुकाने वाले लाभार्थियों को 9 प्रतिशत तक ब्याज सब्सिडी का लाभ मिल रहा है, जिसमें 7 प्रतिशत केंद्र सरकार और 2 प्रतिशत राज्य सरकार की ओर से दिया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान पात्र लाभार्थियों को प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत ₹15,000, ₹25,000 और ₹50,000 तक के ऋण की जानकारी एवं सुविधाएं प्रदान की गईं। इसके अलावा ₹30,000 तक के क्रेडिट कार्ड, डिजिटल भुगतान प्रशिक्षण तथा सामाजिक एवं आर्थिक मूल्यांकन से संबंधित सेवाएं भी उपलब्ध कराई गईं।
मेले में चार लाभार्थियों को क्रेडिट कार्ड एवं सम्मान पत्र वितरित किए गए, जबकि लगभग 35 लोगों के ऋण आवेदन स्वीकृत किए गए। अधिकारियों के अनुसार अब तक ₹15,000 तक के ऋण के लिए 276, ₹25,000 तक के ऋण के लिए 172 और ₹50,000 तक के ऋण के लिए 138 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं, जिन पर बैंकिंग प्रक्रिया जारी है।
मेले में विभिन्न विभागों द्वारा केंद्र एवं राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। इनमें प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जनधन योजना, प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना, जननी सुरक्षा योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, वन नेशन वन राशन कार्ड योजना तथा बीओसीडब्ल्यू (BOCW) पंजीकरण जैसी योजनाएं शामिल रहीं।
नगर निगम काशीपुर द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का प्रायोजन शहरी विकास विभाग, उत्तराखंड द्वारा किया गया। मेले में सैकड़ों रेहड़ी-पटरी एवं फेरी व्यवसायियों ने भाग लेकर विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की और लाभ उठाया।
इस अवसर पर अपर आयुक्त शालिनी नेगी, कार्यालय अधीक्षक विकास शर्मा, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अमरजीत सिंह साहनी, नगर प्रबंधक फरीद, जगदीश यादव, तनवीर आलम सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पार्षद और अधिकारी उपस्थित रहे।















Leave a Reply