काशीपुर में 135 फीट ऊंचा तिरंगा लगाने की तैयारी, महापौर दीपक बाली ने किया अल्ली खां चौक का निरीक्षण

काशीपुर: शहर के विकास और सौंदर्यीकरण की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए महापौर दीपक बाली ने आज नगर निगम अधिकारियों और पार्षदों के साथ अल्ली खां चौक का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने यहां 135 फीट ऊंचा तिरंगा लगाने का प्रस्ताव रखा, जिसे मौके पर मौजूद सभी पार्षदों और स्थानीय नागरिकों ने सर्वसम्मति से मंजूरी दे दी।

निरीक्षण के दौरान महापौर के साथ ब्लॉक प्रमुख चंद्रप्रभा, सांसद प्रतिनिधि एवं पार्षद विजय कुमार बॉबी, सहायक नगर आयुक्त विनोद लाल शाह, कार्यालय अधीक्षक विकास शर्मा सहित नगर निगम के निर्माण विभाग के अधिकारी और कई पार्षद मौजूद रहे।

महापौर दीपक बाली ने कहा कि उनकी योजना है कि अल्ली खां चौक का सौंदर्यीकरण किया जाए और इसे शहर के प्रमुख चौराहों की तरह विकसित किया जाए। इसी कड़ी में यहां 135 फीट ऊंचा राष्ट्रीय ध्वज स्थापित करने का निर्णय लिया गया है।

उन्होंने आगे बताया कि तिरंगा लगाने वाली विशेष टीम को एक सप्ताह के भीतर बुलाया जाएगा। नगर निगम का लक्ष्य है कि इस वर्ष 15 अगस्त (स्वतंत्रता दिवस) के अवसर पर इस क्षेत्र में भी देश की आन-बान-शान तिरंगा लहराए।

इसके बाद महापौर ने मेहंदी मिलाप चौक का भी निरीक्षण किया और वहां भी सौंदर्यीकरण कार्य कराने की बात कही।

नगर निगम बोर्ड के नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस पार्षद राशिद फारुकी ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि क्षेत्र के लोग देशभक्त हैं और यहां तिरंगा लगना गर्व की बात होगी। कांग्रेस पार्षद अब्दुल कादिर ने भी इस निर्णय की सराहना की।

कार्यक्रम में भाजपा जिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष मुकेश चावला, पार्षद वैशाली गुप्ता, सादिक हुसैन, सतीश शर्मा, रियाज, मोनिष, आशी, नईम सिद्दीकी, इरफान गुड्डू, पुष्कर बिष्ट, नौशाद हुसैन, मोहम्मद आरिफ, बीना नेगी, प्रकाश नेगी, फिरोज हुसैन, शहजाद राय चौधरी, समरपाल सिंह, मनीष चावला सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *