रुद्रप्रयाग जिले में उद्यमियों की समस्याओं के त्वरित समाधान और निवेश को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला उद्योग मित्र समिति/एकल खिड़की सुगमता समिति की बैठक 7 जुलाई को आयोजित की जाएगी। जिला कार्यालय सभागार में दोपहर 12 बजे से शुरू होने वाली इस बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी विशाल मिश्रा करेंगे।
जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक महेश प्रकाश ने जानकारी देते हुए बताया कि बैठक में जिले के उद्यमियों की लंबित समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। इसके साथ ही उद्योगों की स्थापना, निवेश को प्रोत्साहन और विभिन्न विभागों से जुड़ी प्रक्रियाओं को अधिक सरल एवं सुगम बनाने के उपायों पर भी विचार-विमर्श होगा।
बैठक का मुख्य उद्देश्य उद्यमियों को बेहतर औद्योगिक माहौल उपलब्ध कराना और उनके सामने आने वाली प्रशासनिक व तकनीकी बाधाओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। एकल खिड़की प्रणाली के माध्यम से निवेशकों को मिलने वाली सुविधाओं और विभागीय समन्वय की भी समीक्षा की जाएगी।
बैठक में पुलिस अधीक्षक, मुख्य चिकित्सा अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। सभी संबंधित विभागों से उद्योगों से जुड़े मामलों की प्रगति रिपोर्ट और आवश्यक सुझाव भी प्रस्तुत किए जाएंगे, ताकि लंबित मामलों का प्रभावी समाधान निकाला जा सके।
महाप्रबंधक महेश प्रकाश ने सभी संबंधित अधिकारियों से निर्धारित तिथि और समय पर बैठक में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि उद्योगों के विकास और निवेश को बढ़ावा देने के लिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय बेहद आवश्यक है।
















Leave a Reply