भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 25 क्विंटल जब्त काजू-अखरोट मिट्टी में दबाकर किए गए नष्ट

खटीमा: भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जब्त किए गए करीब 25 क्विंटल काजू और अखरोट को प्रशासन की मौजूदगी में नष्ट कर दिया गया। खटीमा तहसील परिसर में जेसीबी की मदद से गड्ढा खोदकर पूरे माल को मिट्टी में दबाया गया। कार्रवाई के दौरान सीमा शुल्क विभाग और तहसील प्रशासन के अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।

सीमा शुल्क विभाग के अनुसार, कुछ दिन पहले मेलाघाट ऑफ-रूट क्षेत्र में सीएमपीयू खटीमा टीम ने तस्करी के लिए ले जाए जा रहे 2,460 किलोग्राम काजू गिरी और 60 किलोग्राम अखरोट बरामद किए थे। निरीक्षक आकाश दीक्षित और हेड हवलदार मंजुल कुमार दुबे के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई ने तस्करी के नेटवर्क को बड़ा झटका दिया।

जिलाधिकारी के निर्देश पर जब्त खाद्य सामग्री को नियमानुसार नष्ट किया गया। तहसीलदार वीरेंद्र सजवान की देखरेख में नगर पालिका की जेसीबी से गड्ढा खोदा गया और पूरे माल को मिट्टी में दबाकर उसका सुरक्षित निस्तारण किया गया।

कार्रवाई के दौरान सहायक आयुक्त प्रवीन भूषण, सहायक निर्देशक डॉ. मुकेश बाबू, अधीक्षक रजोष शर्मा सहित सीमा शुल्क विभाग और तहसील प्रशासन के कई अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने पूरी प्रक्रिया को निर्धारित नियमों के अनुसार पूरा कराया।

सीमा शुल्क विभाग ने लोगों से अपील की कि तस्करी जैसी गैरकानूनी गतिविधियों की जानकारी तुरंत प्रशासन को दें। विभाग का कहना है कि जनसहयोग से ही सीमा क्षेत्रों में तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण संभव है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!