चम्पावत: उत्तराखंड को नशा मुक्त बनाने के अभियान के तहत चम्पावत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने टनकपुर क्षेत्र से 253 ग्राम अवैध स्मैक (हेरोइन) बरामद करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 75 लाख रुपये बताई जा रही है।
ऑपरेशन प्रहार के तहत हुई कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देशन में जनपद चम्पावत पुलिस लगातार ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत नशा तस्करों और अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ अभियान चला रही है।
इसी क्रम में बुधवार को क्षेत्राधिकारी टनकपुर निहारिका सेमवाल के पर्यवेक्षण में कोतवाली टनकपुर और एसओजी की संयुक्त टीम ने क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान मनिहारगोठ क्षेत्र में रेलवे पटरी के पास मोटरसाइकिल पर बैठे एक संदिग्ध युवक की तलाशी ली गई, जिसके कब्जे से 253 ग्राम अवैध स्मैक (हेरोइन) बरामद हुई।
पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 21 वर्षीय तस्लीम मंसूरी, पुत्र सलीम मंसूरी, निवासी वार्ड नंबर-06, मीना बाजार, थाना बनबसा, जनपद चम्पावत के रूप में हुई है।
पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह यह स्मैक हैरी सिंह, पुत्र करनैल सिंह, निवासी टाटरगंज, थाना हजारा, जनपद पीलीभीत (उत्तर प्रदेश) से लाकर नशे के आदी युवाओं को बेचता था। पुलिस ने मामले में हैरी सिंह को नामजद करते हुए उसकी तलाश शुरू कर दी है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज
आरोपी के खिलाफ कोतवाली टनकपुर में धारा 8/21/29/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
अभियान में शामिल रही संयुक्त पुलिस टीम
इस कार्रवाई में निरीक्षक चेतन रावत (प्रभारी कोतवाली टनकपुर), उपनिरीक्षक कमलेश भट्ट (प्रभारी एसओजी), उपनिरीक्षक पूरन सिंह, उपनिरीक्षक तेज कुमार, उपनिरीक्षक प्रकाश भट्ट सहित एसओजी और कोतवाली टनकपुर के कई पुलिसकर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
एसपी का सख्त संदेश
पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने कहा कि जनपद में नशे के अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। नशा तस्करों और उनके पूरे नेटवर्क के खिलाफ भविष्य में भी कठोर कानूनी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने आमजन से भी अपील की कि नशे के कारोबार से जुड़ी किसी भी सूचना की तत्काल पुलिस को जानकारी दें, ताकि समाज को नशे के खतरे से सुरक्षित रखा जा सके।
















Leave a Reply