चंपावत मामले को लेकर रुड़की में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। चंद्रशेखर चौक पर महानगर अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी के नेतृत्व में जुटे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का पुतला दहन करने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की, जिसके चलते मौके पर जमकर हंगामा और छीना-झपटी हुई।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए महिला सुरक्षा और कानून व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए। काफी देर तक चौक पर तनावपूर्ण स्थिति बनी रही और पुलिस को प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने के लिए मशक्कत करनी पड़ी।
महानगर अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी ने कहा कि जब सीओ स्तर की जांच के बाद मुकदमा दर्ज किया गया था तो अब मामले को झूठा साबित करने की कोशिश क्यों की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासन में महिला उत्पीड़न के मामलों को दबाने का प्रयास किया जा रहा है।
यूथ कांग्रेस प्रदेश महासचिव प्रणय प्रताप सिंह ने कहा कि प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ अपराध लगातार बढ़ रहे हैं और पुलिस मामले में लीपापोती कर रही है। वहीं महिला महानगर अध्यक्ष यास्मीन खान ने कहा कि अंकिता भंडारी प्रकरण के बाद भी सरकार ने कोई सबक नहीं लिया है।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि महिलाओं को न्याय नहीं मिला तो पार्टी प्रदेशभर में बड़ा आंदोलन करेगी।














Leave a Reply