टनकपुर (चम्पावत): उत्तराखंड राज्य नगरीय पर्यावरण संरक्षण परिषद की उपाध्यक्ष एवं दर्जा राज्य मंत्री हरिप्रिया जोशी ने शनिवार को नगर पालिका परिषद टनकपुर का निरीक्षण कर नगर में चल रहे विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने नगर पालिका अध्यक्ष, सभासदों और अधिकारियों के साथ बैठक कर विकास परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लिया तथा लंबित कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए।
नगर पालिका कार्यालय पहुंचने पर पालिका अध्यक्ष विपिन कुमार और सभासदों ने मंत्री हरिप्रिया जोशी का स्वागत किया। समीक्षा बैठक में नगर की विभिन्न विकास योजनाओं, जनसमस्याओं और भविष्य की परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान हरिप्रिया जोशी ने नगर में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी लेते हुए कहा कि सभी परियोजनाओं में गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने पालिका अध्यक्ष को निर्देश दिए कि सभी सभासदों और कर्मचारियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए कार्यालय में नियमित रूप से उपस्थित रहें तथा जनता की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करें।
स्वच्छता, पेयजल और सड़क व्यवस्था पर विशेष जोर
समीक्षा बैठक में नगर की स्वच्छता व्यवस्था, नालियों की नियमित सफाई, पेयजल आपूर्ति, सड़क एवं स्ट्रीट लाइट व्यवस्था, कूड़ा निस्तारण, जलभराव की समस्या, नगर सौंदर्यीकरण और अतिक्रमण नियंत्रण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को सभी विकास कार्य तय समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
वेंडिंग जोन की समस्या के समाधान के लिए दिए निर्देश
बैठक के दौरान पालिका अध्यक्ष और सभासदों ने नगर में प्रस्तावित वेंडिंग जोन के निर्माण में आ रही भूमि संबंधी समस्या को मंत्री के सामने रखा। इस पर हरिप्रिया जोशी ने तत्काल संबंधित विभागीय अधिकारी से दूरभाष पर वार्ता कर समस्या के समाधान के निर्देश दिए, ताकि वेंडिंग जोन परियोजना को जल्द गति मिल सके।
सरकारी योजनाओं की दी जानकारी
हरिप्रिया जोशी ने बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है और स्थानीय निकायों की इसमें महत्वपूर्ण भूमिका है।
धामी सरकार के पांच वर्षों की उपलब्धियों का किया उल्लेख
बैठक के दौरान 5 जुलाई को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सफल नेतृत्व में पांच वर्ष पूरे होने के अवसर पर भी चर्चा की गई। हरिप्रिया जोशी ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में उत्तराखंड ने विकास, सुशासन, पारदर्शिता, महिला सशक्तिकरण, युवाओं के रोजगार, आधारभूत संरचना, पर्यटन और धार्मिक विकास जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य टनकपुर और बनबसा को स्वच्छता, सुशासन और जनविश्वास का आदर्श मॉडल बनाना है। साथ ही प्रत्येक नागरिक तक मूलभूत सुविधाएं समयबद्ध तरीके से पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे और कैलाश मानसरोवर यात्रा की तैयारियों की समीक्षा
बैठक में टनकपुर में मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम और कैलाश मानसरोवर यात्रा की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। मंत्री ने अधिकारियों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर पालिका अध्यक्ष विपिन कुमार, सभासद दिनेश कुमार, शैलेन्द्र सिंह, सब्या बाल्मीकि सहित सभी सभासद और नगर पालिका के कर्मचारी उपस्थित रहे।
















Leave a Reply