गोर्ती-अमकोटी वाहन हादसे की मजिस्ट्रियल जांच शुरू, प्रशासन ने मांगी आम जनता से जानकारी

रुद्रप्रयाग: बीते महीने मयाली-घनसाली मोटर मार्ग पर हुए गोर्ती-अमकोटी वाहन हादसे की मजिस्ट्रियल जांच शुरू कर दी गई है। दुर्घटना के कारणों और परिस्थितियों का पता लगाने के लिए प्रशासन की ओर से विस्तृत जांच की जा रही है। इसके साथ ही आम नागरिकों से भी हादसे से जुड़ी जानकारी साझा करने की अपील की गई है।

उप जिला मजिस्ट्रेट जखोली भगत सिंह फोनिया ने बताया कि 11 मई को मयाली-घनसाली मोटर मार्ग के गोर्ती-अमकोटी सीमा क्षेत्र में एक कमर्शियल वाहन (UK 13 TA-1022) दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। हादसे के समय वाहन में दो लोग सवार थे और दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

उन्होंने कहा कि दुर्घटना के वास्तविक कारणों और उससे जुड़े सभी तथ्यों को सामने लाने के लिए मजिस्ट्रियल जांच की प्रक्रिया जारी है। जांच के दौरान दुर्घटना से संबंधित हर पहलू का गहनता से परीक्षण किया जाएगा, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा सकें।

प्रशासन ने इस संबंध में सार्वजनिक सूचना जारी करते हुए स्थानीय नागरिकों, प्रत्यक्षदर्शियों और अन्य संबंधित लोगों से सहयोग की अपील की है। यदि किसी व्यक्ति के पास दुर्घटना से जुड़ी कोई महत्वपूर्ण जानकारी, साक्ष्य या बयान है, तो वह अगले एक सप्ताह के भीतर उप जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय जखोली में उपस्थित होकर अपना पक्ष दर्ज करा सकता है।

प्रशासन का मानना है कि स्थानीय लोगों से प्राप्त जानकारी जांच को निष्पक्ष और प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। जांच रिपोर्ट के आधार पर दुर्घटना के कारणों का स्पष्ट पता लगाया जाएगा और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *