ऊधम सिंह नगर जिले के खटीमा क्षेत्र से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है, जहां करंट लगने से एक लाइनमैन की मौत हो गई। इस घटना के बाद परिजनों ने बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, खटीमा के ग्राम बिचई उमरकला में ट्रांसफार्मर पर काम कर रहे लाइनमैन रंजीत सिंह (उम्र 35 वर्ष), पुत्र रमेश सिंह राणा, निवासी नौगावनाथ थाना खटीमा, की करंट लगने से मौके पर ही हालत गंभीर हो गई। यह हादसा सुबह करीब 9 बजे उस समय हुआ, जब वह ट्रांसफार्मर में फ्यूज जोड़ रहे थे।
बताया जा रहा है कि अचानक करंट आने से रंजीत सिंह बुरी तरह झुलसकर नीचे गिर पड़े। मौके पर मौजूद साथी लाइनमैन जितेंद्र राणा उन्हें तुरंत उप जिला चिकित्सालय खटीमा लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिजनों का आरोप है कि काम शुरू करने से पहले रंजीत सिंह ने कंजाबाग सब स्टेशन से लाइन कट करने की अनुमति मांगी थी। सब स्टेशन की ओर से लाइन कट देने की बात कही गई, लेकिन वास्तव में लाइन बंद नहीं की गई। इसी लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ।
मृतक के परिवार ने कंजाबाग सब स्टेशन और बिजली विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय विधायक Bhuvan Kapri अस्पताल पहुंचे और परिजनों से मुलाकात की।
विधायक ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। वहीं, वायरल हो रहे वीडियो में बिजली विभाग के अधिकारी मीडिया से बचते नजर आ रहे हैं।
प्रशासन की ओर से मामले की जांच की बात कही जा रही है, जबकि परिजन न्याय की मांग को लेकर डटे हुए हैं।
















Leave a Reply