काशीपुर: उत्तराखंड के काशीपुर शहर को स्वच्छता के क्षेत्र में बड़ी तकनीकी सौगात मिली है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सहयोग और मार्गदर्शन से नगर निगम काशीपुर ने अत्याधुनिक इलेक्ट्रिक रोड स्वीपर मशीन को अपने सफाई बेड़े में शामिल किया है। सोमवार को महापौर दीपक बाली ने नगर निगम अधिकारियों, पार्षदों और शहर के गणमान्य नागरिकों की मौजूदगी में मशीन का शुभारंभ कर इसे जनता को समर्पित किया।
करीब 38 लाख रुपये की लागत से खरीदी गई यह मशीन उत्तराखंड की अपनी तरह की पहली पूर्णतः इलेक्ट्रिक और बहुउद्देश्यीय मैकेनाइज्ड रोड स्वीपिंग मशीन बताई जा रही है। इसकी सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यह सामान्य दिनों के साथ-साथ बारिश के दौरान भी प्रभावी ढंग से सड़क सफाई का कार्य कर सकती है, जिससे शहर की स्वच्छता व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।
अत्याधुनिक तकनीक से लैस इस मशीन में सड़कों की सफाई के साथ-साथ धूल नियंत्रण, हाई-प्रेशर जेटिंग, फॉगिंग और वैक्यूम होज के माध्यम से कचरा संग्रहण जैसी कई सुविधाएं उपलब्ध हैं। मशीन में PM 2.5 और PM 10 धूल नियंत्रण प्रणाली, शून्य उत्सर्जन (Zero Emission) और कम शोर जैसी आधुनिक तकनीक का उपयोग किया गया है, जो इसे पर्यावरण के अनुकूल बनाती है।
इस अवसर पर महापौर दीपक बाली ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विशेष सहयोग और काशीपुर के प्रति उनके सकारात्मक दृष्टिकोण के कारण शहर में विकास कार्यों को लगातार गति मिल रही है। उन्होंने कहा कि नगर निगम जनता से किए गए वादों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है और आधुनिक सुविधाओं के माध्यम से शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रहा है।
नगर आयुक्त रविंद्र सिंह बिष्ट ने कहा कि नई इलेक्ट्रिक रोड स्वीपर मशीन शहर की सफाई व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाएगी। इससे सड़कों पर धूल कम होगी, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा और नागरिकों के स्वास्थ्य पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने कहा कि मशीन आधुनिक शहरी स्वच्छता प्रणाली की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
नगर निगम ने संकेत दिए हैं कि आने वाले समय में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक आधुनिक बनाने के लिए अन्य इलेक्ट्रिक मशीनों की भी खरीद की जाएगी। इससे ईंधन की खपत में कमी आएगी, परिचालन लागत घटेगी और पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ शहर की सफाई व्यवस्था भी अधिक प्रभावी और टिकाऊ बन सकेगी।
















Leave a Reply