रुद्रप्रयाग में खुलेंगे जन औषधि केंद्र, 30 मई तक मांगे गए आवेदन

जन सामान्य को सस्ती और गुणवत्तापूर्ण जैनेरिक दवाइयाँ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जनपद रुद्रप्रयाग के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों में प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्र खोले जाएंगे। इसके लिए इच्छुक संस्थाओं और व्यक्तियों से 30 मई 2026 तक आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम प्रकाश ने जानकारी देते हुए बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जखोली, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र टाइप-बी उखीमठ और जनपद के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र टाइप-ए चिकित्सालयों में जन औषधि केंद्र स्थापित किए जाने प्रस्तावित हैं।

उन्होंने बताया कि इच्छुक एनजीओ, चैरिटेबल संस्थाएं और व्यक्तिगत आवेदक निर्धारित प्रारूप में आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के साथ आवश्यक दस्तावेज और पात्रता संबंधी प्रमाण पत्र संलग्न करना अनिवार्य होगा। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 30 मई 2026 शाम 5 बजे निर्धारित की गई है।

चयनित आवेदकों को संबंधित चिकित्सालय परिसर में प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र संचालन के लिए निशुल्क स्थान उपलब्ध कराया जाएगा। अंतिम आवंटन चयन समिति की संस्तुति के आधार पर किया जाएगा।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि आवेदन प्रक्रिया और विस्तृत जानकारी के लिए इच्छुक व्यक्ति किसी भी कार्यदिवस में मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय रुद्रप्रयाग में संपर्क कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!