रुद्रप्रयाग में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की पहल, निःशुल्क ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण शुरू

महिलाओं और युवतियों को स्वरोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में रुद्रप्रयाग में महत्वपूर्ण पहल की गई है। स्टेट बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (RSETI) में 35 दिवसीय निःशुल्क ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ 12 जून से किया गया है।

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले के तीनों विकास खंडों से चयनित 35 महिलाओं और युवतियों को पेशेवर ब्यूटीशियन बनने के लिए प्रशिक्षण दिया जा रहा है। संस्थान की ओर से प्रतिभागियों के रहने और भोजन की पूरी व्यवस्था निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है।

मास्टर ट्रेनर आरती पाल द्वारा प्रतिभागियों को ब्यूटी पार्लर केयर, हेयर स्पा, फेशियल, वैक्सिंग और विभिन्न आधुनिक ब्यूटी ट्रीटमेंट्स का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण के माध्यम से महिलाओं को सौंदर्य सेवाओं से जुड़े व्यवसाय की बारीकियां सिखाई जा रही हैं, ताकि वे भविष्य में अपना रोजगार शुरू कर सकें।

संस्थान के निदेशक अरुण कुमार ने प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आरसेटी लगातार बेरोजगार युवाओं और महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने का कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि संस्थान का उद्देश्य महिलाओं को इतना सक्षम बनाना है कि वे स्वयं आत्मनिर्भर बनने के साथ-साथ अन्य लोगों को भी रोजगार उपलब्ध करा सकें।

वहीं संस्थान के प्रशिक्षक भूपेंद्र सिंह रावत ने प्रतिभागियों को मोटिवेशन, उद्यमिता विकास, मार्केट सर्वे और बिजनेस प्लानिंग से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं को विभिन्न ब्यूटी पार्लरों में बाजार सर्वे के लिए भी भेजा गया, जहां उन्होंने उद्यमियों से सीधे संवाद कर व्यवसाय संचालन की व्यावहारिक जानकारी हासिल की और मार्केट सर्वे रिपोर्ट तैयार की।

यह प्रशिक्षण कार्यक्रम महिलाओं के कौशल विकास के साथ उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने में भी अहम भूमिका निभा रहा है। प्रशिक्षण पूर्ण होने पर सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे, जिससे वे अपना ब्यूटी पार्लर शुरू करने या रोजगार प्राप्त करने में सक्षम बन सकेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!