काशीपुर में 135 फीट ऊंचे तिरंगे का शिलान्यास, अल्ली खां चौक बनेगा नई पहचान

Pushkar Singh Dhami की “काशीपुर को काशी की तरह सजाने” की परिकल्पना को आगे बढ़ाते हुए Deepak Bali ने वार्ड नंबर 25 स्थित अल्ली खां चौक पर 135 फीट ऊंचे विशाल राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे के स्थापना कार्य का शिलान्यास किया। इस अवसर पर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला और लोगों ने महापौर का पुष्प वर्षा व लड्डू बांटकर स्वागत किया।

कार्यक्रम के दौरान “भारत माता की जय”, “मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जिंदाबाद” और “महापौर दीपक बाली जिंदाबाद” के नारों से अल्ली खां क्षेत्र गूंज उठा। महापौर दीपक बाली ने कहा कि उनका धर्म सनातन है और विकास उनका संकल्प। उन्होंने कहा कि यह विशाल तिरंगा केवल शहर की सुंदरता नहीं बढ़ाएगा, बल्कि युवाओं में राष्ट्रप्रेम की भावना भी मजबूत करेगा।

महापौर ने बताया कि तिरंगे की स्थापना पर करीब 26 लाख 21 हजार रुपये खर्च होंगे। टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और अगले दो-तीन दिनों में निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने इस परियोजना के लिए धनराशि स्वीकृत करने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में मौजूद भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष इंतजार हुसैन ने कहा कि जब-जब राष्ट्रीय पर्वों पर अल्ली खां चौक पर तिरंगा लहराएगा, तब-तब दीपक बाली का नाम याद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि महापौर बिना किसी भेदभाव के सभी वार्डों का विकास कर रहे हैं।

पार्षद राशिद फारुकी और अब्दुल कादिर ने भी महापौर का आभार जताते हुए कहा कि अल्ली खां क्षेत्र में तिरंगे की स्थापना पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है।

कार्यक्रम में नगर आयुक्त रविंद्र सिंह बिष्ट, सहायक नगर आयुक्त विनोद लाल शाह, शालिनी नेगी, वरिष्ठ भाजपा नेत्री मुक्ता सिंह, भाजपा जिला प्रकोष्ठ संयोजक मुकेश चावला समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

शिलान्यास कार्यक्रम को लेकर क्षेत्रवासियों में खासा उत्साह देखने को मिला और लोगों ने इसे काशीपुर की नई पहचान बनने वाला ऐतिहासिक कदम बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!