जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने किया ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्थाओं की ली विस्तृत समीक्षा

रुद्रप्रयाग: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने अगस्त्यमुनि स्थित ईवीएम एवं वीवीपैट वेयरहाउस का निरीक्षण किया। इस दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों की उपस्थिति में सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया गया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वेयरहाउस की चारों ओर की सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की सक्रियता, कंट्रोल रूम की कार्यप्रणाली, कक्षवार विद्युत आपूर्ति, खिड़कियों और रोशनदानों की सुरक्षा सहित सभी महत्वपूर्ण बिंदुओं की समीक्षा की।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि वेयरहाउस की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और सभी व्यवस्थाएं भारत निर्वाचन आयोग के निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं।

उन्होंने सुरक्षा गार्ड्स की ड्यूटी और शिफ्टवार तैनाती की जानकारी भी ली तथा बाहरी क्षेत्र में स्थापित सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निरंतर निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के लिए कहा।

जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने कहा कि ईवीएम और वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा, निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता और विश्वसनीयता के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों से सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर उपजिलाधिकारी सोहन सिंह सैनी, सहायक निर्वाचन अधिकारी विपिन कुमार जोशी सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *