रुद्रप्रयाग जिले में समाज कल्याण विभाग की छात्रवृत्ति योजना से वंचित छात्रों को राहत दिलाने के लिए जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने सख्त निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने जनपद के सभी उच्च शिक्षण संस्थानों और खंड शिक्षा अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर छात्र-छात्राओं के बैंक खातों की आधार सीडिंग (Aadhaar Seeding) और डीबीटी (Direct Benefit Transfer) प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही चेतावनी दी है कि तय समय सीमा में कार्य पूरा नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2022-23 से 2025-26 तक कई छात्र केवल बैंक खाते आधार से लिंक न होने के कारण छात्रवृत्ति का लाभ नहीं ले सके हैं। ऐसे सभी मामलों को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि पात्र विद्यार्थियों को जल्द से जल्द योजना का लाभ मिल सके।
प्रशासन के अनुसार जिले में कुल 498 छात्र-छात्राएं छात्रवृत्ति से वंचित हैं। इनमें अगस्त्यमुनि विकासखंड के 232, जखोली के 194 और ऊखीमठ के 72 छात्र-छात्राएं शामिल हैं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से कहा है कि सभी लंबित मामलों का सत्यापन कर निर्धारित समय के भीतर आधार सीडिंग और डीबीटी प्रक्रिया पूरी कराई जाए।
डीएम विशाल मिश्रा ने यह भी स्पष्ट किया कि जिन छात्रों के बैंक खातों में किसी कारणवश आधार सीडिंग संभव नहीं हो पा रही है, उनका वास्तविक विवरण तत्काल जिला समाज कल्याण अधिकारी को उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने याद दिलाया कि पहले भी शत-प्रतिशत आधार सीडिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए जा चुके हैं, लेकिन अब इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने सभी शिक्षण संस्थानों और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि पात्र छात्र-छात्राएं किसी भी स्थिति में छात्रवृत्ति योजना के लाभ से वंचित न रहें। उन्होंने कहा कि छात्र हित सर्वोच्च प्राथमिकता है और निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरा कर रिपोर्ट प्रस्तुत करना सभी संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी होगी।
















Leave a Reply