यूरिया, एनपीके और डीएपी पर लगी रोक हटाने की मांग, किसानों ने सौंपा ज्ञापन

उधम सिंह नगर जनपद के जसपुर में किसानों और सहकारी समिति संचालकों ने खाद की समस्या को लेकर सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई। बहुउद्देशीय जसपुर किसान सेवा सहकारी समिति के संचालकों ने समिति अध्यक्षा श्रीमती किरनबाला के निर्देशन में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन सौंपकर यूरिया, एनपीके और डीएपी पर लगी सीमाओं को हटाने की मांग की।

किसानों ने बताया अपर्याप्त है खाद की सीमा

ज्ञापन में कहा गया कि मुख्य कृषि अधिकारी देहरादून द्वारा जारी आदेश के तहत किसानों को प्रति एकड़ केवल एक कट्टा यूरिया और अधिकतम पांच बैग यूरिया देने की सीमा तय की गई है, जो किसानों की जरूरतों के लिए पर्याप्त नहीं है।

समिति अध्यक्षा प्रतिनिधि देवेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि गन्ना, मक्का और गर्मी के धान जैसी फसलों में यूरिया की अधिक आवश्यकता होती है। आने वाली खरीफ फसलों के सीजन में यूरिया और एनपीके की मांग और बढ़ जाएगी, ऐसे में पांच बैग की सीमा किसानों के लिए बड़ी परेशानी खड़ी करेगी।

किसानों ने सरकार से आदेश वापस लेने की मांग की

किसानों और समिति संचालकों ने सरकार से मांग की कि मुख्य कृषि अधिकारी का यह आदेश जल्द वापस लिया जाए, ताकि किसानों को फसलों में उर्वरक की कमी का सामना न करना पड़े।

उन्होंने कहा कि यदि देश का अन्नदाता ही परेशान रहेगा तो कृषि व्यवस्था और उत्पादन दोनों प्रभावित होंगे। किसानों ने अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता कर समस्या का समाधान निकालने की भी मांग की।

आंदोलन की चेतावनी

जसपुर एसडीएम को ज्ञापन सौंपने के बाद समिति संचालकों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं निकाला गया तो किसान आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *