मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने श्रीपुर बिचुआ में व्यक्त की शोक संवेदना, जनसमस्याओं पर दिए त्वरित निर्देश

सूबे के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी गुरुवार को ग्राम सभा श्रीपुर बिचुआ पहुँचे, जहाँ उन्होंने रमेश सिंह चड्डा के आवास पर पहुंचकर उनकी माता स्वर्गीय श्रीमती रामा देवी के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और शोक संतप्त परिवार को इस कठिन समय में धैर्य और संबल प्रदान किया।

मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति एवं उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान देने की प्रार्थना भी की। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।

बताया गया कि स्वर्गीय श्रीमती रामा देवी (89 वर्ष) पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रही थीं और गत शनिवार को उनका निधन हो गया था।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने परिजनों से मुलाकात कर भावनात्मक रूप से समर्थन दिया और परिवार को इस दुःख की घड़ी में मजबूत बने रहने की बात कही।

इससे पूर्व श्रीपुर बिचुआ पहुँचने पर हेलीपैड पर क्षेत्रीय जनता एवं जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का गर्मजोशी से स्वागत एवं अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री ने मौके पर ही उपस्थित लोगों की जनसमस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने हेलीपैड पर मौजूद बच्चों से भी आत्मीय संवाद किया और उन्हें प्रोत्साहित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, भाजयुमो प्रदेश उपाध्यक्ष सतीश भट्ट, हिमांशु बिष्ट, ग्राम प्रधान रोहन चंद, नरेंद्र भट्ट, ईश्वरी पांडे सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। वहीं प्रशासनिक स्तर पर जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी अजय गणपति, उपाध्यक्ष जिला विकास प्राधिकरण जय किशन, मुख्य विकास अधिकारी, डीएफओ हिमांशु बागरी समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *