आंगनबाड़ी कार्यकर्तियों का आंदोलन 24वें दिन भी जारी, 18 हजार मानदेय की मांग पर अड़ीं महिलाएं

उधम सिंह नगर के सितारगंज में आंगनबाड़ी कार्यकर्तियों, सेविकाओं और मिनी कर्मचारियों का धरना 24वें दिन भी जारी है। नवीन मंडी परिसर में चल रहे इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं अपनी मांगों को लेकर डटी हुई हैं और सरकार से जल्द निर्णय लेने की मांग कर रही हैं।

धरना स्थल पर मौजूद चंद्रावती ने बताया कि वे लंबे समय से अपनी मांगें सरकार तक पहुंचा रही हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्तियों की प्रमुख मांग है कि उन्हें न्यूनतम 18,000 रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जाए। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि उनसे केवल उनके विभाग से संबंधित कार्य ही लिए जाएं।

प्रदर्शनकारी महिलाओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द उनकी मांगें पूरी नहीं होती हैं, तो 28 तारीख को प्रदेशभर में बड़ा आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान कांग्रेस नेता करण जंग भी धरना स्थल पर पहुंचे और उन्होंने कार्यकर्तियों के समर्थन में आवाज उठाई। उन्होंने कहा कि सरकार को महिलाओं की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनकी मांगों को जल्द पूरा करना चाहिए।

धरने में सैकड़ों महिलाएं शामिल रहीं। वहीं, पूर्व चेयरमैन नवतेज पाल और हरीश दुबे ने भी मौके पर पहुंचकर आंदोलन को समर्थन दिया। कार्यकर्तियों ने साफ कहा कि अगर उनकी मांगों को अनदेखा किया गया, तो आंदोलन और उग्र होगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!