कर्णप्रयाग नगर क्षेत्र में भूधंसाव से प्रभावित परिवारों की समस्याओं के समाधान को लेकर प्रशासन ने सक्रियता बढ़ा दी है। इसी क्रम में सोमवार को विकासखंड कर्णप्रयाग सभागार में जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रभावित परिवारों ने भाग लेकर अपनी समस्याओं और मांगों को प्रशासन के सामने रखा।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि प्रशासन का उद्देश्य सभी प्रभावित परिवारों को समयबद्ध राहत, उचित मुआवजा और सुरक्षित पुनर्वास उपलब्ध कराना है। उन्होंने बहुगुणा नगर और सुभाष नगर के परिवारों से अपील की कि वे आपसी सहमति से मुआवजे और संभावित विस्थापन पर एक संयुक्त प्रस्ताव तैयार करें। इस प्रस्ताव को शासन को भेजकर आगे की प्रक्रिया तेज की जाएगी।
विधायक अनिल नौटियाल ने भी बैठक में भाग लेते हुए बताया कि कर्णप्रयाग में भूधंसाव की गंभीर स्थिति को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा जा चुका है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस मुद्दे को प्राथमिकता पर ले रही है और जल्द समाधान के लिए निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने प्रभावितों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सहमति बनने से मुआवजा वितरण और ट्रीटमेंट कार्यों में तेजी आएगी।
सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता प्रशांत श्रीवास्तव ने जानकारी दी कि प्रभावित क्षेत्रों में तकनीकी रूप से आवश्यक कार्यों की योजना तैयार है। लेकिन मुआवजे को लेकर एकरूपता न होने के कारण कार्य शुरू नहीं हो पा रहे हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि सहमति बनते ही विभाग तुरंत कार्य शुरू कर देगा।











Leave a Reply