मुख्यमंत्री धामी के निर्देश पर चार दिन से लंबित ठेकेदारी पंजीकरण का हुआ समाधान, शिविर में मिला प्रमाण-पत्र

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर चार दिनों से लंबित ठेकेदारी पंजीकरण का मामला जन-संवाद शिविर में तत्काल सुलझा दिया गया। ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ सेवा पखवाड़े के तहत आयोजित ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम में लाभार्थी को मौके पर ही पंजीकरण प्रमाण-पत्र सौंपा गया।

विकासखंड दशोली के ग्राम कौजपोथनी निवासी जयदीप सिंह ने मुख्यमंत्री के समक्ष शिकायत दर्ज कराई कि लोक निर्माण विभाग में मोटर मार्ग और पुलिया निर्माण कार्यों के लिए उनके ठेकेदारी पंजीकरण का आवेदन पिछले चार दिनों से लंबित पड़ा हुआ है, जिससे उन्हें कार्य शुरू करने में परेशानी हो रही थी।

शिकायत मिलते ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी आवश्यक औपचारिकताएं उसी दिन पूरी कर आवेदन का निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आवेदक को अनावश्यक इंतजार न करना पड़े।

मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद विभागीय अधिकारियों ने तुरंत प्रक्रिया पूरी की और शिविर स्थल पर ही जयदीप सिंह को ठेकेदारी पंजीकरण प्रमाण-पत्र सौंप दिया। त्वरित कार्रवाई से लाभार्थी ने खुशी जताते हुए मुख्यमंत्री और प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

जयदीप सिंह ने कहा कि ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ जैसे जनसुनवाई शिविर आम लोगों के लिए बेहद उपयोगी साबित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस पहल से लोगों की समस्याओं का समाधान बिना कार्यालयों के चक्कर लगाए मौके पर ही हो रहा है, जिससे आम जनता को बड़ी राहत मिल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!