चमोली जिले के थराली विकासखंड में बृहस्पतिवार को हुई तेज बारिश और ओलावृष्टि ने किसानों को भारी नुकसान पहुंचाया है। केरा गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में फल और सब्जी उत्पादक किसानों की मेहनत पर मौसम की मार पड़ी है, जिससे ग्रामीणों में मायूसी का माहौल है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, ओलावृष्टि के कारण गेहूं, आलू, सेब, कीवी, संतरा और धनिया जैसी फसलें पूरी तरह नष्ट हो गई हैं। कई खेतों में तैयार खड़ी फसलें ओलों की मार से बर्बाद हो गईं, जिससे किसानों की आय पर सीधा असर पड़ा है।
ग्रामीण सुनीता देवी ने बताया कि अचानक हुई इस प्राकृतिक आपदा से उनकी गेहूं और सब्जियों की फसल पूरी तरह खत्म हो गई है। वहीं किसान लोकपाल सिंह ने कहा कि फलदार पौधों और सब्जियों पर लगे फूल भी झड़ गए, जिससे आने वाली पैदावार की उम्मीद भी खत्म हो गई है।
इस भारी नुकसान के बाद ग्रामीणों ने कृषि और उद्यान विभाग के साथ-साथ स्थानीय प्रशासन से जल्द से जल्द मौके पर पहुंचकर सर्वे करने और उचित मुआवजा देने की मांग की है। उनका कहना है कि बिना सरकारी सहायता के इस नुकसान की भरपाई करना संभव नहीं है।
भजन सिंह, मोहन सिंह, दीपिका देवी, जसोदा देवी, ममता देवी, विमला देवी, सावित्री देवी, उमा देवी और कलावती देवी समेत कई ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि जल्द राहत नहीं मिली तो किसानों की आर्थिक स्थिति और अधिक बिगड़ सकती है।
किसानों को उम्मीद है कि शासन-प्रशासन उनकी स्थिति को समझते हुए जल्द राहत पैकेज की घोषणा करेगा।













Leave a Reply