चमोली जिले के ग्वालदम नगर पंचायत के वार्ड संख्या-11 स्थित आदर्श कॉलोनी में भारी बारिश के बाद क्षतिग्रस्त हुई सुरक्षा दीवार स्थानीय लोगों के लिए चिंता का विषय बनी हुई है। दीवार टूटने के कारण कई मकान खतरे की जद में आ गए हैं, जिससे प्रभावित परिवार भय के माहौल में जीवन बिताने को मजबूर हैं।
जानकारी के अनुसार, 2 जुलाई को गणेश राम के मकान के सामने बनी सुरक्षा दीवार अचानक क्षतिग्रस्त हो गई। दीवार गिरने के बाद उनके मकान की नींव पर खतरा मंडरा रहा है। हालांकि अब तक किसी प्रकार की जनहानि या पशुहानि नहीं हुई है, लेकिन स्थिति लगातार गंभीर बनी हुई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गणेश राम के अलावा पूरन राम, भूपाल राम, तुला राम, विमला देवी, प्रमोद सिंह गड़िया और नंदी देवी के मकान भी खतरे की जद में हैं। लगातार बनी इस स्थिति के कारण परिवार रातभर जागकर किसी अनहोनी की आशंका में समय बिताने को मजबूर हैं।
ब्लॉक प्रमुख प्रवीण पुरोहित ने किया स्थलीय निरीक्षण
रविवार को थराली ब्लॉक प्रमुख प्रवीण पुरोहित ने आपदाग्रस्त क्षेत्र का दौरा कर मौके का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और हालात का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान प्रवीण पुरोहित ने कहा कि मामले को गंभीरता से लेते हुए पटवारी, तहसीलदार और उपजिलाधिकारी थराली को तत्काल संज्ञान लेना चाहिए। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि प्रभावित क्षेत्र में बिना देरी किए सुरक्षात्मक कार्य शुरू किए जाएं, ताकि किसी संभावित बड़े हादसे को रोका जा सके और प्रभावित परिवारों को राहत मिल सके।
ग्राम प्रधान ने की प्रशासन से विशेष सहायता की मांग
ग्राम प्रधान हेमलता गड़िया ने बताया कि सुरक्षा दीवार 2 जुलाई को क्षतिग्रस्त हुई थी, जिसके बाद आसपास के मकानों पर खतरा लगातार बना हुआ है।
उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत ने अपने सीमित संसाधनों से सुरक्षात्मक कार्य शुरू कर दिया है, लेकिन पंचायत के पास पर्याप्त धनराशि उपलब्ध नहीं है। ऐसे में शासन और प्रशासन से विशेष वित्तीय सहायता एवं स्थायी सुरक्षात्मक कार्य कराने की मांग की गई है।
स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से जल्द कार्रवाई करने की अपील की है ताकि बारिश के मौसम में किसी बड़े हादसे से पहले आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए जा सकें।
















Leave a Reply