नगरासू गुरुद्वारा विवाद पर प्रशासन की सफाई, हेमकुंड साहिब और चारधाम यात्रा पूरी तरह सुचारू

रुद्रप्रयाग: नगरासू स्थित गुरुद्वारा साहिब को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही विभिन्न खबरों और अफवाहों के बीच जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था पूरी तरह कायम है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं और आम नागरिकों से अपुष्ट एवं भ्रामक सूचनाओं पर ध्यान न देने की अपील की है।

पुलिस और प्रशासन के अनुसार, 20 जून 2026 को नगरासू गुरुद्वारे में दो पक्षों के बीच आपसी विवाद और कहासुनी की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही घोलतीर चौकी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लेते हुए दोनों पक्षों से बातचीत शुरू की गई।

पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग नीहारिका तोमर ने बताया कि गुरुद्वारे के कुछ सेवादारों और वहां पहुंचे निहंग सिख यात्रियों के बीच किसी विषय को लेकर मतभेद उत्पन्न हुआ था। स्थिति को शांतिपूर्ण ढंग से संभालने के लिए पुलिस, जिला प्रशासन और गुरुद्वारा प्रबंधन समिति लगातार संवाद की प्रक्रिया में जुटे हुए हैं।

प्रशासन के अनुसार, विवाद के दौरान कुछ निहंग सिख गुरुद्वारे की छत पर चले गए थे और वहां जाने वाले मार्ग को बंद कर दिया था। हालांकि लगातार वार्ता के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। दो निहंग सिख छत से नीचे उतरकर प्रशासन और पुलिस अधिकारियों के साथ बातचीत कर रहे हैं, जबकि अन्य लोगों से भी संवाद जारी है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर गुरुद्वारे पर कब्जा किए जाने, लोगों को बंधक बनाए जाने अथवा सेना बल की तैनाती जैसी खबरें पूरी तरह निराधार और तथ्यहीन हैं। गुरुद्वारे में लंगर सेवा, अरदास और अन्य धार्मिक गतिविधियां सामान्य रूप से संचालित हो रही हैं। श्रद्धालु बिना किसी बाधा के गुरुद्वारे में आ-जा रहे हैं और अपनी यात्रा जारी रखे हुए हैं।

जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा ने कहा कि श्री हेमकुंड साहिब यात्रा और चारधाम यात्रा पूरी तरह सुरक्षित एवं सुचारू रूप से संचालित हो रही है। यात्रा मार्गों पर कहीं भी कोई अवरोध नहीं है और श्रद्धालु सामान्य रूप से अपने गंतव्य तक पहुंच रहे हैं। सभी सड़क मार्ग खुले हैं और यात्रा व्यवस्थाएं पूर्ववत जारी हैं।

उन्होंने कहा कि यात्रा प्रभावित होने संबंधी कुछ भ्रामक सूचनाएं प्रसारित की जा रही हैं, जिनका वास्तविक स्थिति से कोई संबंध नहीं है। प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

प्रशासन और पुलिस ने संयुक्त रूप से लोगों से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक स्रोतों से प्राप्त जानकारी पर ही विश्वास करें और किसी भी अपुष्ट सूचना को सोशल मीडिया पर साझा करने से बचें। साथ ही देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए उन्हें निश्चिंत होकर श्री हेमकुंड साहिब एवं चारधाम यात्रा में शामिल होने का आग्रह किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!