किच्छा के वार्ड नंबर-1 स्थित शिव भारत कॉमर्शियल गैस सर्विस गोदाम में मंगलवार को गैस सिलेंडर लीकेज के चलते आग लग गई। हादसे में एक महिला समेत चार लोग झुलस गए। आग लगने के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
जानकारी के मुताबिक, गोदाम परिसर में बने कमरे में मजदूर मुनीश अपनी पत्नी अन्नू के साथ रहते हैं। घटना के समय अन्नू खाना बना रही थीं। तभी गैस सिलेंडर में लीकेज होने से अचानक आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि कमरे में मौजूद लोग उसकी चपेट में आ गए।
घटना की सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड, पुलिस और एंबुलेंस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी प्रयासों के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में मुनीश, अन्नू, प्रिंस और संजीव कुमार घायल हो गए। सभी घायलों को सीएचसी किच्छा में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर भेज दिया गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, वरना गोदाम में रखे गैस सिलेंडरों तक आग पहुंचने से बड़ा विस्फोट हो सकता था। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।














Leave a Reply