‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ शिविर में उमड़ी ग्रामीणों की भीड़, 36 शिकायतों में अधिकांश का मौके पर निस्तारण

रुद्रप्रयाग: सेवा, सुशासन एवं समर्पण अभियान के तहत विकासखंड ऊखीमठ की ग्राम पंचायत कविल्ठा में आयोजित ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ बहुउद्देशीय शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने हिस्सा लिया। शिविर में लोगों ने अपनी समस्याएं प्रशासन के सामने रखीं, जिनमें दर्ज 36 शिकायतों में से अधिकांश का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। शेष मामलों के जल्द निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत ने की। शिविर का शुभारंभ केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल और सीमांत अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष एवं राज्य मंत्री चंडी प्रसाद भट्ट ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना, उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करना और एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराना था।

शिविर में स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, उद्यान, पशुपालन, समाज कल्याण, बाल विकास, ग्राम्य विकास, आजीविका, बैंकिंग और स्वरोजगार समेत कई विभागों ने अपने सूचना एवं सेवा स्टॉल लगाए। अधिकारियों ने पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ आवेदन प्रक्रिया और पात्रता से भी अवगत कराया। कई योजनाओं के लिए मौके पर ही आवेदन और पंजीकरण की प्रक्रिया भी पूरी कराई गई।

इस अवसर पर विधायक आशा नौटियाल ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार गांव-गांव तक सरकारी सेवाएं पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, बल्कि प्रशासन स्वयं उनके द्वार तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविर सरकार और जनता के बीच विश्वास और संवाद को मजबूत कर रहे हैं।

राज्य मंत्री चंडी प्रसाद भट्ट ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। वहीं, मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त सभी शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन केवल शिकायतें सुनने तक सीमित नहीं है, बल्कि उनके प्रभावी निस्तारण के लिए भी पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य सरोज राणा, अमित मेखंडी, ग्राम प्रधान कुलदीप सिंह रावत, त्रिलोक सिंह रावत, अनिल शाह, तहसीलदार निशांत कांबोज, खंड विकास अधिकारी अनुष्का, मुख्य कृषि अधिकारी लोकेंद्र बिष्ट, जिला समाज कल्याण अधिकारी टी.आर. मलेठा, जिला उद्यान अधिकारी आर.पी. जसोला, जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. रघुवीर सिंह पाल, जिला सेवायोजन अधिकारी सुशील चमोली, कार्यक्रम संचालक किशन सिंह रावत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!