दूरस्थ क्षेत्रों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से उत्तराखंड सरकार के “सरकार जनता के द्वार” अभियान के तहत 28 जुलाई को विकासखंड अगस्त्यमुनि की ग्राम पंचायत क्यूंजा में विशेष जनसेवा शिविर एवं बैठक आयोजित की जाएगी। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. सीमा टेकचंदानी करेंगी।
बैठक का आयोजन 28 जुलाई को सुबह 11 बजे से होगा। इसमें विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहेंगे और ग्रामीणों को केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी देंगे।
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, समाज कल्याण सहित अन्य विभागों के अधिकारी ग्रामीणों की समस्याएं सुनेंगे और उनका मौके पर ही समाधान करने का प्रयास करेंगे। साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा भी की जाएगी।
सीएमओ डॉ. सीमा टेकचंदानी ने सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्धारित समय पर बैठक में उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने क्षेत्र के लोगों से भी अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में पहुंचने की अपील की है, ताकि वे सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका लाभ उठा सकें और अपनी समस्याओं का समाधान अधिकारियों के समक्ष रख सकें।
“सरकार जनता के द्वार” अभियान का उद्देश्य दूरदराज के गांवों तक सरकारी सेवाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं को सीधे पहुंचाना है, जिससे लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
















Leave a Reply