रुद्रप्रयाग में जिला सैनिक कल्याण परिषद की बैठक, पूर्व सैनिकों की समस्याओं पर हुई चर्चा

रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी विशाल मिश्रा की अध्यक्षता में बुधवार को जिला सैनिक कल्याण परिषद की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पूर्व सैनिकों और वीर नारियों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं, मांगों और सुझावों पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

बैठक में पूर्व सैनिकों ने कैंटीन व्यवस्था को अधिक सुव्यवस्थित बनाने, 70 वर्ष से अधिक आयु के पूर्व सैनिकों और वीर नारियों के लिए प्राथमिकता के आधार पर टोकन वितरण, अलग रंग के टोकन जारी करने और कैंटीन परिसर में आवश्यक सूचनाएं प्रदर्शित करने की मांग रखी। इसके अलावा पार्किंग, ग्रोसरी और अन्य सुविधाओं में सुधार का भी सुझाव दिया गया।

पूर्व सैनिकों ने ईसीएचएस रुद्रप्रयाग में पर्याप्त चिकित्सकों की तैनाती, अल्ट्रासाउंड और एक्स-रे मशीन की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई। वहीं, संगठन की बैठकों और कार्यक्रमों के लिए अलग बैठक हॉल बनाने का प्रस्ताव रखा गया। इस पर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि नए हॉल के निर्माण तक जिला पंचायत सभागार पूर्व सैनिकों की बैठकों के लिए उपलब्ध कराया जाए।

बैठक में गुलाबराय मैदान स्थित शहीद स्मारक के संरक्षण और सौंदर्यीकरण, नगर क्षेत्र में आवारा पशुओं की समस्या के समाधान तथा आशा, आंगनबाड़ी, ग्राम प्रहरी और वन प्रहरी जैसे पदों पर पूर्व सैनिकों को प्राथमिकता देने की मांग भी रखी गई।

जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने कहा कि पूर्व सैनिकों ने राष्ट्र सेवा में अहम योगदान दिया है। उनकी सुविधाओं और कल्याण से जुड़े मामलों पर प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य करेगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि जिला स्तर पर हल होने वाले मामलों का शीघ्र समाधान किया जाएगा, जबकि शासन स्तर से जुड़े प्रस्ताव सरकार को भेजे जाएंगे।

बैठक में 8 सिख लाइट इन्फैंट्री रेजीमेंट के मेजर ओमवीर सिंह, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष ऐश्वर्या रावत, मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!