रुद्रप्रयाग जिले के विकासखंड ऊखीमठ की ग्राम पंचायत मनसूना में बुधवार को ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तहत बहुद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा की अध्यक्षता में आयोजित इस शिविर में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ भी उपलब्ध कराया।
शिविर में स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं। कुल 10 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 5 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। अपर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को शेष शिकायतों का भी समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान स्वास्थ्य, समाज कल्याण, कृषि, उद्यान और बाल विकास विभाग के अधिकारियों ने अपनी-अपनी योजनाओं की जानकारी दी। शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न सरकारी सेवाओं और योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना रहा।
कार्यक्रम में सीमांत अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष चंडी प्रसाद भट्ट ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ अब गांव-गांव तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं को स्वरोजगार, स्वयं सहायता समूहों को सशक्त बनाने, किसानों की आय बढ़ाने और युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार सेवा, सुशासन और समर्पण की भावना के साथ कार्य कर रही है। साथ ही कार्तिक स्वामी, भगवान मद्महेश्वर सहित अन्य धार्मिक स्थलों को पर्यटन सर्किट के रूप में विकसित किया जा रहा है, जिससे स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर सृजित हो रहे हैं। उन्होंने क्षेत्रवासियों से होमस्टे योजना का लाभ उठाने की भी अपील की।
















Leave a Reply