मुख्यमंत्री धामी ने ₹123.79 करोड़ की 17 विकास योजनाओं का किया लोकार्पण और शिलान्यास

चम्पावत: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को चम्पावत दौरे के दौरान जिले के समग्र विकास को नई गति देते हुए ₹123.79 करोड़ की लागत वाली 17 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि चम्पावत को उत्तराखंड का मॉडल जनपद बनाना उनकी सरकार का संकल्प है, जिसके लिए लगातार योजनाबद्ध तरीके से विकास कार्य किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने ₹27.79 करोड़ की लागत से पूर्ण हुई 8 विकास योजनाओं का लोकार्पण किया, जबकि ₹96 करोड़ की लागत से बनने वाली 9 नई परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इसके अलावा उन्होंने ₹3.49 करोड़ की लागत से विकसित जिम कॉर्बेट ट्रेल का उद्घाटन भी किया। इस परियोजना के तहत जनपद के विभिन्न स्थानों पर जिम कॉर्बेट से जुड़े पर्यटन एवं विरासत स्थलों का विकास किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने रोडवेज बस स्टेशन परिसर में बनने वाले सिटी सेंटर के भूमि पूजन कार्यक्रम में भी भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने पुजारियों, अर्धसैनिक बलों के जवानों, युवाओं, व्यापारियों, शिक्षकों, स्वयं सहायता समूह की महिलाओं, उद्यमियों, टैक्सी यूनियन, बैंक कर्मियों, अधिवक्ताओं, स्वच्छाग्रहियों, जनप्रतिनिधियों और मीडिया कर्मियों सहित विभिन्न वर्गों के लोगों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि सरकार विकास योजनाओं को जनता की भागीदारी के साथ आगे बढ़ा रही है ताकि हर वर्ग को इसका लाभ मिल सके।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल सड़कें और भवन बनाना नहीं है, बल्कि ऐसा चम्पावत तैयार करना है जहाँ युवाओं को रोजगार के अवसर, महिलाओं को आत्मनिर्भरता, किसानों को आधुनिक सुविधाएं और व्यापारियों को बेहतर कारोबार का वातावरण मिल सके। उन्होंने बताया कि ₹62.33 करोड़ की लागत से चम्पावत नगर में आधुनिक बहुमंजिला पार्किंग एवं शॉपिंग कॉम्प्लेक्स (सिटी सेंटर) का निर्माण किया जाएगा, जिससे पार्किंग की समस्या का समाधान होगा और स्थानीय व्यापार को नई गति मिलेगी।

उन्होंने बताया कि जिले में महिला प्रौद्योगिकी पार्क, आधुनिक पुस्तकालय, ज्ञान केंद्र, ओपन जिम, कृषि महाविद्यालय और आधुनिक कृषि तकनीकों को बढ़ावा देने के साथ-साथ ₹257 करोड़ की लागत से महिला स्पोर्ट्स कॉलेज तथा ₹58.52 करोड़ की लागत से आधुनिक साइंस सेंटर भी विकसित किया जा रहा है। इन परियोजनाओं का उद्देश्य शिक्षा, खेल और वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “विकास भी और विरासत भी” के मंत्र के अनुरूप मानसखंड मंदिर माला मिशन के तहत मां पूर्णागिरि धाम, शारदा कॉरिडोर, गोल्ज्यू कॉरिडोर और मां वाराही धाम सहित कई धार्मिक स्थलों का विकास किया जा रहा है। इससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार तथा स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

उन्होंने बताया कि टनकपुर में आधुनिक आईएसबीटी, मीडिया सेंटर, लोहाघाट में पर्यावरण मित्रों के लिए आवासीय भवन, बनबसा में सैनिक स्मारक और पाटी में सैनिक बहुउद्देशीय केंद्र जैसी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर भी तेजी से कार्य चल रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज शुरू की गई विकास योजनाएं विकसित चम्पावत की मजबूत नींव साबित होंगी और आने वाले वर्षों में जिला उत्तराखंड के विकास मॉडल के रूप में स्थापित होगा।

कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने सभी विकास परियोजनाओं के लिए जनपदवासियों को शुभकामनाएं देते हुए विकास यात्रा में जनसहभागिता बनाए रखने का आह्वान किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!