चम्पावत: केंद्र और राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का जायजा लेने के लिए उत्तराखंड शासन के अपर सचिव लक्ष्मण सिंह ने विकासखंड पाटी का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर विभिन्न योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
विकासखंड मुख्यालय में आयोजित बैठक में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम), अमृत सरोवर योजना, मेरा गांव मेरी सड़क योजना, गौशाला निर्माण, महिला स्वयं सहायता समूहों के सशक्तिकरण कार्यक्रम और ग्रामीण आजीविका संवर्धन गतिविधियों सहित कई प्रमुख योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक के बाद अपर सचिव लक्ष्मण सिंह ने ग्राम गोशनी का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा संचालित निर्माण इकाइयों और तैयार किए जा रहे उत्पादों का अवलोकन किया। साथ ही अमृत सरोवर, मेरा गांव मेरी सड़क योजना और गौशाला निर्माण कार्यों की गुणवत्ता एवं प्रगति का भी जायजा लिया।
ग्रामीणों से संवाद करते हुए अपर सचिव ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंच रहा है, जिसका सकारात्मक प्रभाव गांवों में स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। उन्होंने विशेष रूप से महिला स्वयं सहायता समूहों की सक्रिय भूमिका और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार को बढ़ावा देने के प्रयासों की सराहना की।
लक्ष्मण सिंह ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। इसके लिए विभागीय अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय समुदाय के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में जल संरक्षण, पशुपालन, महिला सशक्तिकरण और स्वरोजगार से जुड़े प्रयास आत्मनिर्भर गांवों की मजबूत नींव तैयार कर रहे हैं।
समीक्षा बैठक में खंड विकास अधिकारी मोनिका पाल ने विकासखंड में संचालित योजनाओं और विकास कार्यों की विस्तृत प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। इस अवसर पर सहायक खंड विकास अधिकारी जगदीश कार्की, गणेश महर, अमित पांडेय, अनूप कुमार, दीपक जोशी सहित कई जनप्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित रहे।
अपर सचिव के इस दौरे को विकास योजनाओं की जमीनी निगरानी और ग्रामीण विकास को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
















Leave a Reply