नैनीताल में आसमान से बरसी आफत: लगातार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, कई मार्ग प्रभावित

नैनीताल: सरोवर नगरी नैनीताल में देर रात से जारी मूसलाधार बारिश ने आम जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। तेज हवाओं और बिजली की कड़कड़ाहट के बीच लगातार हो रही वर्षा से शहर और आसपास के क्षेत्रों में सामान्य गतिविधियां प्रभावित हुई हैं। कई स्थानों पर नेटवर्क सेवाएं बाधित होने की खबर है, जबकि सड़कें लगभग खाली नजर आ रही हैं।

भारी बारिश के चलते ग्रामीण क्षेत्रों के कई संपर्क मार्ग अवरुद्ध हो गए हैं। कुछ इलाकों में बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई है। मौसम में अचानक आई ठंडक के कारण स्थानीय लोगों और पर्यटकों को गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ रहा है।

लगातार बारिश के कारण नाले और गधेरे उफान पर हैं। वहीं, झील के जलस्तर में बढ़ोतरी की संभावना भी जताई जा रही है। प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।

हालांकि पहाड़ी क्षेत्रों से पत्थर गिरने की सूचनाएं मिल रही हैं, लेकिन अब तक किसी जनहानि की सूचना नहीं है। खराब मौसम का असर स्कूलों में भी देखने को मिला, जहां छात्रों की उपस्थिति सामान्य दिनों की तुलना में काफी कम रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *