रुद्रप्रयाग: विश्व प्रसिद्ध श्री केदारनाथ धाम में इस वर्ष श्रद्धालुओं की आस्था नए रिकॉर्ड बना रही है। धाम के कपाट खुलने के बाद मात्र 40 दिनों के भीतर 10 लाख से अधिक श्रद्धालु बाबा केदारनाथ के दर्शन कर चुके हैं। इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे बाबा केदार के प्रति देश-विदेश के श्रद्धालुओं की अटूट आस्था और विश्वास का प्रतीक बताया है।
विधायक आशा नौटियाल ने कहा कि 22 अप्रैल को श्री केदारनाथ धाम के कपाट खुलने के बाद से लगातार बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह आंकड़ा केवल संख्या नहीं, बल्कि करोड़ों भक्तों की श्रद्धा, समर्पण और देवभूमि उत्तराखंड की आध्यात्मिक पहचान का जीवंत प्रमाण है।
पुनर्निर्माण और विकास कार्यों से बढ़ा श्रद्धालुओं का विश्वास
आशा नौटियाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में केदारनाथ धाम का पुनर्निर्माण और विकास कार्य अभूतपूर्व गति से आगे बढ़ा है। इसके परिणामस्वरूप धाम की दिव्यता और भव्यता में लगातार वृद्धि हुई है, वहीं श्रद्धालुओं को पहले की तुलना में बेहतर सुविधाएं भी उपलब्ध हो रही हैं।
उन्होंने कहा कि आधुनिक बुनियादी सुविधाओं, बेहतर संपर्क मार्गों और सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं ने तीर्थयात्रियों का विश्वास और मजबूत किया है। यही कारण है कि हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा केदारनाथ के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।
चारधाम यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने पर सरकार का विशेष फोकस
विधायक ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। यात्रा मार्गों पर यातायात प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता, सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता, पेयजल और आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि शासन और प्रशासन के समन्वित प्रयासों से श्रद्धालुओं को बेहतर यात्रा अनुभव मिल रहा है, जिससे यात्रा अधिक सहज और सुरक्षित बन रही है।
स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मिल रही नई गति
आशा नौटियाल ने कहा कि श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या का सकारात्मक प्रभाव स्थानीय अर्थव्यवस्था पर भी पड़ रहा है। इससे व्यापार, पर्यटन, धार्मिक गतिविधियों और क्षेत्रीय विकास को नई गति मिली है। स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर भी बढ़ रहे हैं।
सभी सहयोगियों का जताया आभार
विधायक आशा नौटियाल ने चारधाम यात्रा को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी विभागों, स्थानीय प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्यकर्मियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, तीर्थ पुरोहितों, व्यापारियों और क्षेत्रीय जनता का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि सभी के सामूहिक सहयोग और समर्पण के कारण यात्रा सुचारू रूप से संचालित हो रही है। साथ ही उन्होंने देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं का देवभूमि उत्तराखंड में स्वागत करते हुए बाबा केदारनाथ से सभी की सुख, शांति, समृद्धि और सुरक्षित यात्रा की कामना की।













Leave a Reply