उत्तराखंड के दुग्ध विकास एवं पशुपालन मंत्री सौरभ बहुगुणा ने पिछले साढ़े चार वर्षों में विभाग द्वारा किए गए विकास कार्यों और उपलब्धियों की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने डेयरी और पशुपालन क्षेत्र को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं, जिनका सीधा लाभ किसानों को मिल रहा है।
मंत्री सौरभ बहुगुणा ने बताया कि पिछले चार वर्षों में दूध के खरीद मूल्य में 8 से 11 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी की गई है। इससे प्रदेश के दुग्ध उत्पादकों की आय में वृद्धि हुई है और डेयरी व्यवसाय को नई मजबूती मिली है।
उन्होंने कहा कि किसानों को दी जाने वाली प्रोत्साहन राशि अब एडवांस में सीधे डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से उनके बैंक खातों में भेजी जा रही है, जिससे उन्हें समय पर आर्थिक सहायता मिल रही है और पारदर्शिता भी सुनिश्चित हुई है।
सौरभ बहुगुणा ने बताया कि उत्तराखंड देश का पहला राज्य बन गया है, जहां पशुपालकों को भूसे पर 50 प्रतिशत और साइलेज पर 68 प्रतिशत तक की सब्सिडी दी जा रही है। उनका कहना है कि इस पहल से पशुपालन की लागत कम होगी और किसानों की आय बढ़ाने में मदद मिलेगी।
मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की दुग्ध पालन, पशुपालन, हॉर्टिकल्चर, कृषि और होम-स्टे जैसी योजनाएं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई दिशा दे रही हैं। इन योजनाओं के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ रहे हैं और लोग आत्मनिर्भर बनने की ओर तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।
उन्होंने विश्वास जताया कि इन योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से उत्तराखंड की ग्रामीण अर्थव्यवस्था और अधिक मजबूत होगी तथा राज्य को आत्मनिर्भर बनाने के लक्ष्य को हासिल करने में महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा.













Leave a Reply