अल्मोड़ा: उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति और देव परंपराओं को संरक्षित करने का संदेश देते हुए प्रदेश की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या रविवार को सोमेश्वर क्षेत्र के धार्मिक आयोजनों में शामिल हुईं। उन्होंने ग्राम सभा गल्ली बस्यूरा स्थित श्री गोलू देव एवं श्री हरज्यू देव मंदिर में आयोजित 11 दिवसीय बैसी (जागर) धार्मिक अनुष्ठान में सहभागिता की। इसके बाद उन्होंने गांव कुंवाली कोरेधार स्थित गोलज्यू देवता मंदिर में चल रहे 22 दिवसीय बैसी कार्यक्रम में भी श्रद्धापूर्वक भाग लिया।
धार्मिक अनुष्ठान के दौरान कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने न्याय के देवता भगवान गोलू देव और श्री हरज्यू देव के दर्शन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में मौजूद श्रद्धालुओं के बीच उन्होंने उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत और लोक आस्था के महत्व पर अपने विचार भी साझा किए।
रेखा आर्या ने कहा कि जागर, बैसी और देव परंपराएं केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान का अभिन्न हिस्सा हैं। उन्होंने कहा कि इन परंपराओं ने सदियों से समाज को एकजुट रखने और लोक संस्कृति को जीवंत बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इसलिए इन्हें आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को देवभूमि की पहचान उसकी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक देवी-देवताओं और धार्मिक परंपराओं से मिली है। यदि समाज अपनी संस्कृति और परंपराओं से जुड़ा रहेगा, तो आने वाली पीढ़ियां भी अपनी जड़ों और मूल्यों को समझ सकेंगी। उन्होंने लोगों से ऐसे आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेने और सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण में योगदान देने की अपील की।
कार्यक्रम के अंत में कैबिनेट मंत्री ने भव्य एवं आध्यात्मिक आयोजन के लिए ग्रामवासियों, आयोजन समिति और क्षेत्र की धर्मप्रेमी जनता का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कामना की कि न्याय के देवता भगवान गोलू देव का आशीर्वाद प्रदेश के सभी लोगों पर बना रहे और उत्तराखंड निरंतर विकास के साथ अपनी सांस्कृतिक पहचान को भी सहेजकर आगे बढ़े।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष गणेश जलाल, पूर्व मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र चिलवाल, मंडल उपाध्यक्ष महेंद्र बिष्ट, विधायक प्रतिनिधि भुवन जोशी, ललित तिवारी, पान सिंह बिष्ट, नवीन आर्य, हेम जोशी, गिरीश चंद्र जोशी, गोपाल खोलिया सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।















Leave a Reply